MP ByPoll Result 2020: शुरुआती रूझानों में कांग्रेस को झटका, 17 सीटों पर बीजेपी आगे, 9 सीटों पर कांग्रेस की बढ़त

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव (MP By Election Result) के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रूझानों में भाजपा 17 सीटों पर और कांग्रेस 9 सीटों पर आगे चल रही है।

सीएम शिवराज को अपनी सरकार बनाए रखने के लिए 9 सीटों पर जीत दर्ज करनी होगी। मध्य प्रदेश में इससे पहले इतनी सीटों पर उपचुनाव नहीं हुए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कांग्रेस के तत्कालीन 22 विधायकों ने कांग्रेस को झटका देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था, जिसके कारण कमल नाथ सरकार गिरी और उपचुनाव की नौबत आई। इन 28 विधानसभा सीटों में से 27 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा था।

विधानसभा की सभी 28 सीटों पर रूझान सामने आ गए हैं। इसमें से भाजपा 17 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 9 सीटों पर और बसपा 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। शिवराज सिंह चौहान को सत्ता बचाए रखने के लिए 9 सीटों पर जीत दर्ज करनी होगी।

डबरा सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी इमरती देवी ने शुरुआती रुझानों को देखने के बाद अपने जीत का दावा किया है। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे 300 वोटों से पीछे चल रहे हैं। इमरती देवी का कहना है कि भाजपा मध्य प्रदेश में जीत रही है, कमलनाथ जी ने मुझे जो अपशब्द कहे, जनता उसका आज जवाब दे रही है।

कमल नाथ-दिग्विजय सिंह की साख की भी परीक्षा

उपचुनाव के परिणाम जितने भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं, उतने ही कांग्रेस के लिए भी। इनके परिणामों पर कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ और दिग्विजय सिंह का भविष्य निर्भर करेगा। पार्टी को सत्ता में वापस लाने में ये जोड़ी सफल रही तो दोनों नेताओं का कद राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगा और हार मिली तो दोनों के सियासी सफर पर ब्रेक भी लग सकता है। ऐसा होने पर प्रदेश में कांग्रेस की नई पीढ़ी को आगे आने का मौका मिलेगा।

12 मंत्रियों का भविष्य होगा तय

इस उपचुनाव में प्रदेश के 12 मंत्रियों सहित 355 उम्मीदवारों की किस्मत का भी फैसला होगा। इमरती देवी, डॉ.प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसौदिया, एदल सिंह कंषाना, हरदीप सिंह डंग, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, बृजेंद्र सिंह यादव, प्रद्युम्न सिंह तोमर, बिसाहूलाल सिंह, गिर्राज डंडौतिया, सुरेश धाकड़ और ओपीएस भदौरिया चुनाव मैदान में हैं।

Back to top button