सेंसेक्स में 800 अंक से ज्यादा की तेजी

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों के बाद लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार में हरे निशान पर कारोबार की शुरुआत हुई है। गुरुवार को भी शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। फिलहाल सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 75,259 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 250 अंक से ज्यादा की बढ़त है। ये 22,903 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

वीकली एक्सपायरी के दिन सुबह 9 बजकर 47 मिनट पर सेंसेक्स 400.42 (0.53%) अंकों की बढ़त के साथ 74,744.30 के स्तर पर जबकि निफ्टी 122.31 (0.54%) अंक मजबूत होकर 22,742.65 के स्तर पर कारोबार कर करता दिखा। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 3 पैसे की बढ़त के साथ 83.41 रुपए के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं ने इससे पहले बुधवार को नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुन लिया है। हालांकि, पीएम मोदी की अगली सरकार अपने सहयोगियों पर निर्भर रहेगी पर उनका तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय हो गया। इसके बाद बाजार में गुरुवार को निवेशकों के बीच राहत दिखी और बाजार ने बढ़त हासिल की। मंगलवार को चुनाव परिणामों में भाजपा की सीटें घटने के बाद प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स में छह-छह प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। उसके बाद बुधवार को बाजार में रिकवरी लौटी और अब गुरुवार को भी बढ़त के साथ कारोबार होता दिख रहा है।

अमेरिकी बाजार में भी रही तेजी

बुधवार को अमेरिकी बाजार में तेजी देखने को मिली। डाओ जोंस 0.25% चढ़कर 38,807.33 पर बंद हुआ। वहीं S&P 1.18% चढ़कर 5,354.03 और नैस्डेक 1.96% चढ़कर 17,187.91 पर बंद हुआ। वहीं एशियाई बाजारों में भी आज बढ़त देखने को मिल रही है।

कल बाजार में रही थी 3% से ज्यादा की बढ़त

इससे पहले कल यानी 5 जून को सेंसेक्स 2,303 अंक (3.20%) की तेजी के साथ 74,382 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 735 अंक (3.36%) की बढ़त रही। ये 22,620.35 के स्तर पर बंद हुआ था।

4 जून को सेंसेक्स 4389 अंक (5.74%) की गिरावट के साथ 72,079 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 1,379 अंक (5.93%) की गिरावट रही, ये 21,884 के स्तर पर बंद हुआ था।

Back to top button