MEA ने खोली US के दावों की पोल, कहा- भारत के बंदरगाह से ईरान पर मिसाइलें नहीं दाग रहा अमेरिका

भारत ने अमेरिका के अपने बंदरगाहों का इस्तेमाल करके ईरान पर हमले करने के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने इसे ‘बेबुनियाद’ और ‘झूठा’ बताया है। यह प्रतिक्रिया तब आई जब पूर्व अमेरिकी सेना कर्नल डगलस मैकग्रेगर ने वन अमेरिका न्यूज नेटवर्क (OAN) को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिकी नौसेना ईरान के खिलाफ जंग में भारतीय नौसैनिक अड्डों और बंदरगाहों पर निर्भर हो गई है।

मैकग्रेगर ने कहा, “हमारे सभी बेस तबाह हो चुके हैं। हमारे बंदरगाह सुविधाएं नष्ट हो गई हैं। हमें अब भारत और भारतीय बंदरगाहों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जो आदर्श नहीं है।” लेकिन भारत ने इन बातों को सिरे से नकार दिया।

विदेश मंत्रालय ने दावे को किया खारिज
विदेश मंत्रालय के फैक्टचेक अकाउंट ने एक्स पर पोस्ट किया, “OAN पर किए जा रहे दावे फेक और फॉल्स हैं। हम आपको ऐसी बेबुनियाद और गढ़ी गई टिप्पणियों से सावधान करते हैं।”

भारत ने स्पष्ट किया कि उसके बंदरगाहों का अमेरिकी नौसेना की ओर से ईरान के खिलाफ किसी भी ऑपरेशन में इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। यह खबर ऐसे समय आई है जब मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है। भारत ने क्षेत्रीय संघर्ष पर गहरी चिंता जताई है और सभी पक्षों से संयम बरतने, बढ़ोतरी रोकने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

Back to top button