माता वैष्णो देवी: भूस्खलन से बाधित हिमकोटि मार्ग दूसरे दिन भी रहा बंद

भूस्खलन के चलते माता वैष्णो देवी मंदिर का नया हिमकोटि मार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा। यात्रा पुराने मार्ग से जारी है। मंगलवार को टीन के क्षतिग्रस्त शेड और मार्ग की मरम्मत का काम जारी रहा।

रविवार को पंछी हेलिपैड के पास पहाड़ से मलबा और पत्थर गिरने से दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इनमें से एक महिला उत्तर प्रदेश के कानपुर और दूसरी पंजाब के होशियारपुर की रहने वाली थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। वहीं, उपचार के बाद घायल लड़की को भी छुट्टी दे दी गई है। 

गौरतलब है कि बरसात में पहाड़ से भूस्खलन की संभावना रहती है। हालांकि, श्रीमाता श्राइन बोर्ड की ओर से भूस्खलन प्रभावित इलाकों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लोहे के जाले आदि लगाए गए हैं। रविवार की तरह सोमवार को भी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों की मौजूदगी में मरम्मत जारी है। कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा भी लिया है।

Back to top button