पंजाब: सुखबीर बादल ने कहा- मनप्रीत शराब कारोबार में हिस्सेदार, इसलिए कर रहे हैं शराब सस्ती
बठिंडा. नई एक्साइज पॉलिसी को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम और अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल तथा राज्य के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल शनिवार को एक दूसरे पर जमकर बरसे। सुखबीर बादल ने कहा कि मनप्रीत बादल शराब कारोबार में हिस्सेदार हैं इसके चलते वह अपने फायदे के लिए नई नीति बनाकर शराब को सस्ता कर मोटा मुनाफा कमाना चाहते हैं। वहीं मनप्रीत ने पलटवार किया कि राज्य में 10 साल तक शराब माफिया को समर्थन देने वाले अब उनके खिलाफ बोल रहे हैं। शराब माफिया की कमर टूटती देख अब सुखबीर उनके बचाव में आकर इस तरह के आरोप लगा रहे हैंं। दोनों चचेरे भाई शनिवार को बठिंडा में थे और पत्रकारों के सामने एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।
नई पॉलिसी से 5040 करोड़ रेवेन्यू जुटाएंगे
विभिन्न समागमों में बठिंडा पहुंचे मनप्रीत ने कहा, पूर्व अकाली सरकार ने जो कुछ अपने राज में किया वही नजरिया अब वह कांग्रेस सरकार के काम में देख रहे हैं। पंजाब में शराब माफिया का दस साल कब्जा रहा, इसे खत्म करने को नई एक्साइज पॉलिसी लाए हैं, इससे 5040 करोड़ जुटाए जाएंगे जो पिछली अकाली सरकारों से 360 करोड़ ज्यादा हैं। वहीं शराब तस्करी रुकेगी। रेवेन्यू के लिए देसी शराब का कोटा 9.50 करोड़ लीटर से बढ़ा 9.80 करोड़ लीटर किया है। वहीं सुखबीर का सीएम बनने का सपना देखने के मामले में कहा कि कैप्टन एक काबिल मुख्यमंत्री है जिनका मुकाबला कोई नहीं कर सकता है।
अकालियों पर झूठे केसों के पीछे जाखड़ का हाथ
सुखबीर ने कहा, कांग्रेस की शह पर अकालियों पर झूठे पर्चे हो रहे हैं। इसके पीछे सुनील जाखड़ का हाथ है। इसी के चलते मलोट में परमिंदर सिंह कोलियांवाली पर हमला कर उन पर ही केस दर्ज करवा दिया। यहीं नहीं इससे पहले अबोहर में भी अकालियों पर झूठे केस दर्ज किए हैं। वहीं मलोट में जिन्होंने हमला किया वह गैंगस्टर हैं, जिनको जाखड़ की तरफ से स्पॉट किया जाता है। वह मैक्स अस्पताल में कोलियांवाली का हाल जानने पहुंचे थे। उन्होंने कहा, हालात ये हो गए हैं कि सरकार चल नहीं पा रही है, जिसके चलते कब्जेे, पर्चे करने का सिलसिला शुरू हो चुका है। वहीं सरकारी विभागों में भी बिना पैसों के काम नहीं होता।





