मालीवाल ने कहा- दुष्कर्म और जान से मारने की मिल रहीं धमकियां, पुलिस को शिकायत

आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने एक बार फिर से अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने रविवार को कहा कि ‘आप के नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर चलाए जा रहे चरित्र हनन और शर्मसार करने वाले अभियान के बाद से मुझे दुष्कर्म और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं’। उन्होंने कहा कि यह तब और बढ़ गया जब यूट्यूबर ध्रुव राठी द्वारा मेरे खिलाफ एकतरफा वीडियो पोस्ट की।
स्वाति मालीवाल ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट में लिखा, पार्टी नेतृत्व मुझे अपनी शिकायत वापस लेने के लिए डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है’। उन्होंने ध्रुव राठी के वीडियो को लेकर कहा कि मैंने अपना पक्ष रखने के लिए ध्रुव तक पहुंचने की पूरी कोशिश की लेकिन मेरी कॉल और संदेशों को नजरअंदाज कर दिया गया। स्वाति ने कहा कि यह शर्मनाक है कि उनके जैसे लोग, जो खुद के स्वतंत्र पत्रकार होने का दावा करते हैं और इस तरह की हरकत करते हैं। आप के अन्य प्रवक्ताओं की तरह मुझे इस हद तक शर्मिंदा कर रहे हैं कि अब मुझे अभद्रता और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।





