दुनिया को परमाणु हथियार मुक्त बनाने वाली संस्था को मिला नोबेल शांति पुरस्कार

दुनिया को परमाणु हथियारों से मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाने वाली संस्था आईकैन को अपने दशक लंबे प्रयास के लिए नोबेल शांति पुरस्कार देने की घोषणा की गई है. ऐसे समय में जब उत्तर कोरिया और ईरान से जुड़ा परमाणु हथियार संकट गहरा रहा है, यह बेहद समीचीन है. 
नॉर्वे की नोबेल समिति के अध्यक्ष ब्रिट रेइस-एंडरसन ने कहा कि संस्थान को परमाणु हथियारों के प्रयोग से होने वाली भीषण मानवीय क्षति की ओर ध्यान आकर्षित करने संबंधी उसके कार्य और संधि के आधार पर ऐसे हथियारों पर प्रतिबंध लगाने के अथक प्रयासों के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है. नोबेल शांति पुरस्कार पाने वाली इस संस्था का कहना है कि उनका काम अभी पूरा नहीं हुआ है और परमाणु हथियारों की पूरी तरह समाप्ति होने तक वह प्रयास जारी रखेंगे. संस्था की प्रमुख बी. फिन ने इस सप्ताह कहा था कि हमारा काम अभी पूरा नहीं हुआ है. परमाणु हथियारों के खात्मे तक काम पूरा नहीं होगा.
आईसीएएन की कार्यकारी निदेशक बिट्रिस फिन ने जिनिवा में संवाददाताओं से कहा कि पुरस्कार से ‘‘सभी परमाणु हथियार संपन्न देशों एवं सुरक्षा के लिए परमाणु हथियारों पर निर्भर रहने वाले सभी देशों को एक संदेश मिलता है कि यह एक अस्वीकृत व्यवहार है. हम इसका समर्थन नहीं करेंगे, हम इसके लिए बहाने नहीं बनाएंगे, हम सुरक्षा के नाम पर हजारों नागरिकों के अंधाधुंध संहार का खतरा पैदा नहीं कर सकते. इस तरह से सुरक्षा का निर्माण नहीं होता. उन्होंने कहा कि नोबेल शांति पुरस्कार की आधिकारिक घोषणा होने से मिनटों पहले फोन कॉल आने के बाद वह ‘‘चिंतित थी कि यह कोई शरारत’’ है. बिट्रिस ने कहा कि जब तक उन्होंने टेलीविजन पर समूह के नाम की घोषणा नहीं सुनी तब तक उन्हें भरोसा नहीं हुआ था.
इसे भी पढ़े: 96 साल पहले मर चुकी ये लड़की अचानक झपकानें लगी अपनी पलकें, देखने वाले हो गये सन्न
उन्होंने कहा कि हम परमाणु हथियार संपन्न सभी देशों – उत्तर कोरिया, अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस, ब्रिटेन, इस्राइल, भारत, पाकिस्तान – को एक कड़ा संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि नागरिकों की हत्या की धमकी देना अस्वीकार्य है. पुरस्कार की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों के आक्रामक विकास और साथ ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने वाले समझौते की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा लगातार की जा रही आलोचना को लेकर तनाव बढ़ गया है.
वहीं, संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि परमाणु निरस्त्रीकरण समूह आईसीएएन को 2017 का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा परमाणु हथियारों को प्रतिबंधित करने वाली संधि की अंतिम अभिपुष्टि के लिए एक ‘‘शुभ संकेत’’ है. संयुक्त राष्ट्र की प्रवक्ता एलेजांद्रा वेल्लुची ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु हथियार उन्मूलन अभियान (आईसीएएन) को दिए गए सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए यहां संवाददाताओं से कहा कि मुझे लगता है कि संधि पर हस्ताक्षर और फिर उसकी अभिपुष्टि के लिहाज से यह एक शुभ संकेत है. जुलाई में 122 देशों ने ऐतिहासिक परमाणु हथियार प्रतिबंध संधि पर हस्ताक्षर किए थे.





