मध्य प्रदेश: राहुल गांधी ने तीन छात्राओं को कराई हेलिकॉप्टर की सैर, हवाई सैर कराने का किया था वादा

भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ब्रेक लेकर रणथंभौर नेशनल पार्क पहुंचे हैं। गांधी परिवार रणथंभौर में सोनिया गांधी का 76वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहा है। इससे पहले राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की तीन छात्राओं से किया अपना वादा भी पूरा किया। राहुल ने इन छात्राओं को हेलिकॉप्टर की सैर कराई। राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा के उज्जैन से गुजरने के दौरान इन छात्राओं से वादा किया था कि वो उन्हें जल्द हवाई यात्रा कराएंगे। राहुल गांधी ने 10 दिन बाद अपना वादा पूरा कर दिया। इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में है। राहुल ने तीनों छात्राओं को बूंदी के गुडली में बनाए गए हेलिपेड पर बुलाकर हेलिकॉप्टर की सैर कराई।

समाचार एजेंसी वार्ता की रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश में चुनाव परिणामों से निवृत होने के बाद सोनिया गांधी हेलिकॉप्टर से, प्रियंका गांधी सड़क मार्ग से और भारत जोड़ो यात्रा के बीच से ब्रेक लेकर राहुल गांधी ने बूंदी से हेलिकॉप्टर के जरिए रणथंभौर नेशनल पार्क पहुचे थे। इसके बाद पार्क में टाइगर सफारी कर मलिक तालाब की पाल पर बाघिन के दीदार किए। गांधी परिवार को होटल शेर बाग में ठहराया गया हैं। टाइगर सफारी के दौरान गांधी परिवार ने गूलर तलाई पर एक बाघ की अठखेलियों को भी देखा। 

इस बीच सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी एवं राहुल गांधी ने जोगी महल के दीदार भी किए। गौरतलब है कि देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी 1985 में जब अपने परिवार के साथ रणथंभौर आए थे तो जोगी महल में ही रुके थे। सूत्रों की माने तो सोनिया गांधी भी जल्द भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती हैं।  कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत 12 दिसंबर को राजस्थान के सवाई माधोपुर में ‘महिला शक्ति पदयात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें सिर्फ महिलाएं शामिल होंगी। संभव है कि सोनिया गांधी 12 दिसंबर को इस यात्रा में शामिल हों। 

शुक्रवार को सोनिया गांधी का 76वां जन्मदिन था। वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ राजस्थान में समय बिता रही हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को राजस्थान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हो सकती हैं। सोनिया गांधी अक्टूबर महीने में कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई थीं और राहुल गांधी के साथ उन्होंने पदयात्रा की थी। जयराम रमेश ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और इसके बाद कुछ दिनों का विश्राम होगा।

Back to top button