LOC से लेकर LAC तक को पीएम मोदी ने दी चेतावनी, देश की संप्रभुता पर आँख उठाई तो…

नई दिल्ली। भारतवर्ष आज अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराकर 7वीं बार देश को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने आज यहां से अपने संबोधन में एलओसी से लेकर एलएसी तक को साफ-साफ शब्दों में संदेश दे दिया कि आतंकवाद हो या फिर विस्तारवाद भारत हमेशा इनका डटकर मुकाबला करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एलओसी से लेकर एलएसी तक, देश की संप्रभुता पर जिस किसी ने आँख उठाई है, देश ने, देश की सेना ने उसका उसी भाषा में जवाब दिया है। भारत की संप्रभुता का सम्मान हमारे लिए सर्वोच्च है। इस संकल्प के लिए हमारे वीर जवान क्या कर सकते हैं, देश क्या कर सकता है, ये लद्दाख में दुनिया ने देखा है।
इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण एशिया में दुनिया की एक चौथाई जनसंख्या रहती है। हम सहयोग और सहभागिता से इतनी बड़ी जनसंख्या के विकास और समृद्धि की अनगिनत संभावनाएं पैदा कर सकते हैं। इस क्षेत्र के देशों के सभी नेताओं की इस विशाल जन समूह के विकास और प्रगति की ओर एक अहम जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज पड़ोसी सिर्फ वो ही नहीं हैं जिनसे हमारी भौगोलिक सीमाएं मिलती हैं बल्कि वे भी हैं जिनसे हमारे दिल मिलते हैं। जहां रिश्तों में समरसता होती है, मेल जोल रहता है। भारत का लगातार प्रयास है कि अपने पड़ोसी देशों के साथ सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों को और गहराई दें।
पीएम मोदी ने कहा कि 192 में से 184 देशों ने भारत को संयुक्त राष्ट्र में अस्थायी सदस्यता के लिए समर्थन दिया था। विश्व में कैसे हमने पहुंच बढ़ाई है, उसका यह उदाहरण है। ये तभी होता है जब भारत सशक्त हो, जब भारत सुरक्षित हो।