पटना समेत प्रदेश के इन हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है

बिहार में बुधवार को बादल और धूप की लुकाछिपी जारी रही। वहीं, राजधानी पटना समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र उत्तर पूर्व राजस्थान और उसके आसपास बना हुआ है। वहीं एक ट्रफ रेखा उत्तरप्रदेश होते हुए पश्चिम बिहार तक फैली है। इनके प्रभाव से मौसम में बदलाव की स्थिति बनी रहेगी।

अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री की वृद्धि हो सकती है। पटना और इसके आसपास क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

इधर, मुजफ्फरपुर के मौसम की बात करें तो सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। बादल और धूप के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। आसमान में बादल रहने के कारण धूप से राहत मिली।

इस बीच ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, कृषि मौसम विभाग जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र डा राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के तकनीकी पदाधिकारी डा.गुलाब सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री पर पहुंचा। यह सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री पर रहा। यह सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। पूरवा हवा 4.8 किलोमीटर की गति से चली।

गरज वाले बादल बनने के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा

मौसम विज्ञानी डा.ए सत्तार ने बताया कि चार से सात मई के बीच पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल देखे जा सकते हैं। अगले 24 से 48 घंटों में गरज वाले बादल बनने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है।

यहां अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। इस बीच औसतन 8 से 14 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है।

Back to top button