खुशखबरी: जियो 4जी फीचर फोन की डिलीवरी शुरू, इस त्योहार तक सभी ग्राहकों को मिल जाएगा फोन

रिलांयस के जियो 4जी फीचर फोन की डिलीवरी शुरू हुए कई दिन हो चुके हैं। कंपनी का दावा है कि 15 दिनों में 60 लाख से अधिक फोन की डिलीवरी करेगी। लेकिन कई ग्राहकों की शिकायत है कि प्री बुकिंग कराने के बाद भी अभी तक उन्हें फोन नहीं मिला है।

जियो फोन का इंतजार कर रहे सभी ग्राहकों के लिए खुशखबरी है। कंपनी का कहना है कि जिन्होंने फोन की प्री बुकिंग की है, उन्हें दिवाली तक फोन मिल जाएगा। कंपनी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट जियो केयर ने एक यूजर को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।
एक सवाल का जवाब देते हुए जियो केयर ने कहा कि हम लोगों ने फेज के अनुसार, फोन की डिलीवरी शुरू की है। जिन ग्राहकों ने फोन की प्री बुकिंग कराई है, उन सभी को दिवाली तक फोन जरूर मिल जाएगा।
इसके आगे ट्विटर पर कंपनी ने कहा कि कंपनी एसएमएस के जरिए से स्टोर एड्रेस और पिकअप की तारीख की जानकारी दे देगी। वहीं, जल्द ही जियो फोन की डिलीवरी से संबंधित जानकारी 1800 890 8900 नंबर पर उपलब्ध होगी।
बता दें कि इस साल दिवाली का त्योहार 19 अक्टूबर को पड़ रहा है, इसका मतलब है कि 19 अक्टूबर से पहले सभी जियो फोन की बुकिंग करने वाले ग्राहकों को ये फोन मिल जाएगा।
रिलांयस जियो 4 जी फोन की डिलीवरी कंपनी सबसे पहले ग्रामीण और सबअर्बन इलाकों में कर रही है। इसके बाद जल्द ही अन्य इलाकों के ग्राहकों को भी फोन डिलीवर किया जाएगा।
जियो फोन में ये है खास
जियोफोन वैसे तो एक 4जी फीचर फोन है पर बेसिक स्मार्टफोन के सारे काम इस पर आसानी से किए जा सकते हैं। वॉयस कॉल, एसएमएस, रोमिंग और एसटीडी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए ग्राहकों को कोई पैसा नही देना होगा। इस कैटेगरी के मोबाइलस के मुकाबले जियोफोन दिखने में शानदार है। इसकी 2.4 इंच की स्क्रीन काफी ब्राइट है, जो वीडियो कंटेंट देखने के लिए अच्छी है।





