दिवंगत हुए कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज उनके पैतृक गांव धालीवाल में हुआ अंतिम संस्कार

पंजाब में चल रही भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से दिवंगत हुए कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज रविवार को जालंधर जिले में उनके पैतृक गांव धालीवाल में अंतिम संस्कार हुआ। इस मौके पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी सांसद संतोख सिंह चौधरी को अंतिम सम्मान दिया।

बता दें कि दो बार के सांसद रहे 76 वर्षीय संतोख सिंह का शनिवार को पंजाब के फिल्लौर में निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद भारत जोड़ो यात्रा को 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया है। दरअसल, यात्रा के दौरान संतोख चौधरी बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें फगवाड़ा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था, जहां डोक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

अंतिम संस्कार में शामिल होंगे राहुल गांधी  

राहुल गांधी ने संतोख सिंह चौधरी की मृत्यु पर कहा कि वह मेहनती नेता और पार्टी का मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने शनिवार को संतोख सिंह के परिवार से मुलाकात भी की। संतोख सिंह कि मृत्यु पर मुख्यमंत्री भगवंत मान, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल समेत कई नेताओं ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर चौधरी के निधन पर दुख व्यक्त किया।

जालंधर के खालसा कॉलेज ग्राउंड से फिर शुरू होगी यात्रा 

बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाने वाली भारत जोड़ो यात्रा रविवार दोपहर को जालंधर के खालसा कॉलेज ग्राउंड से फिर शुरू होगी। यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार यह रात में आदमपुर में रुकेगी। बता दें कि यात्रा का पंजाब चरण बुधवार को फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद से शुरू हुआ था। वहीं लोहड़ी पर्व के मद्देनजर शुक्रवार को यात्रा पर विराम लगाया गया था।

यात्रा 30 जनवरी तक श्रीनगर में समाप्त होगी 

यात्रा, जो 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, 30 जनवरी तक श्रीनगर में समाप्त होगी, जिसमें राहुल गांधी जम्मू और कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। भारत जोड़ो यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक पहुंच चुकी है।

Back to top button