जेल में बंद लालू को लगा बड़ा झटका, RJD महासचिव अशोक सिन्‍हा ने दिया इस्‍तीफा

पटना । राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के चारा घोटाला में जेल जाने के बाद पार्टी में एक तबका विरोध पर उतर आया है। राजद के महासचिव अशोक सिन्‍हा ने पद से इस्‍तीफा दे दिया है। अशोक सिन्‍हा ने लालू यादव के बेटे तेजस्‍वी यादव की कार्यशौली से नाराजगी जाहिर की है।

अशोक सिन्‍हा ने यह भी कहा है कि राजद अप्रासंगिक हो गई है। इसलिए बेहतर है कि पार्टी छोड़ दी जाए। उनके अनुसार तेजस्वी यादव में लालू प्रसाद की तरह पार्टी का नेतृत्व करने की क्षमता नहीं है।

विदित हो कि लालू के जेल जाने के बाद पार्टी की जिम्‍मेदारी उनके बेटे और पूर्व उप मुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव के कंधों पर है। लालू ने तेजस्‍वी को अपना राजनीतिक उत्‍तराधिकारी घोषित कर दिया है। इसके बाद तेजस्‍वी के सामने पार्टी को एक रखने की चुनौती है, जिसे अशोक सिन्‍हा के इस्तीफे से पहला बड़ा झटका लगा है।

विदित हो कि लालू के जेल जाने के बाद राजद का एक तबका असंतुष्‍ट बताया जा रहा है। कुछ बड़े नेता लालू की जगह तेजस्‍वी का नेतृत्‍व स्‍वीकार करने में असहज बताए जा रहे हैं। अशोक सिन्‍हा के इस्‍तीफा देने के कारण नाराज खेमे को बल मिल सकता है। हालांकि, पार्टी उपाध्‍यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह का मानना है कि राजद में एकता है और राजग के नाराज नेता उनके संपर्क में हैं।

 
Back to top button