जानें किस मुद्दे पर खेल मंत्री ने की गृह मंत्री अमित शाह से बात…

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। पहलवानों के मामले को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया। हिमाचल प्रदेश से लौटते ही उन्होंने अपने आवास पर खिलाड़ियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की।

सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह आज ब्रजभूषण सिंह को बुला सकते हैं। खेल मंत्री और पहलवानों के बीच बैठक काफी साकारात्मक रही। वहीं, आज फिर से कई बिंदुओं पर बातचीत के लिए पहलवानों के साथ बैठक बुलाई गई है। इससे एक दिन पहले खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती महासंघ को नोटिस भेजकर 72 घंटे के भीतर जवाब मांगा था।

पहलवानों के साथ देर रात तक चली बैठक

देर रात तक चली बैठक में बजरंग पुनिया, रवि दहिया, बबीता फौगाट, विनेश फौगाट, साक्षी मलिक व अंशु मलिक मौजूद थीं। खिलाड़ियों के कड़े तेवर के कारण बृजभूषण शरण सिंह पर त्यागपत्र का दबाव बढ़ गया है। इससे पहले ओलंपिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता पहलवान गुरुवार को दूसरे दिन भी जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे।

केंद्र सरकार की ओर से पूर्व पहलवान बबीता फौगाट जंतर-मंतर पर पहुंचीं और प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उनके साथ बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। बातचीत का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला तो प्रेस कान्फ्रेंस में पहलवानों ने नाराजगी जाहिर की।

न्याय को लेकर मांग पर अड़े पहलवान

सबसे ज्यादा आक्रोशित नजर आ रहीं विनेश फौगाट ने कहा कि हमने बृजभूषण शरण सिंह पर जो इल्जाम लगाए हैं वो पूरी तरह से सही हैं। कल तक हमारे साथ एक ही महिला पहलवान थी, लेकिन अब चार से पांच ऐसी पहलवान हैं, जिनके साथ गलत हुआ है। हमें सामने आने के लिए मजबूर नहीं किया जाए। हम सम्मान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। सबके सामने यह नहीं कहना चाहते कि हमारे साथ क्या-क्या हुआ है। हम अध्यक्ष का इस्तीफा तो लेंगे ही और उन्हें जेल भी भिजवाएंगे। हम कानूनी तरीके से आगे नहीं जाना चाहते, लेकिन समाधान नहीं निकला तो एफआइआर भी दर्ज कराएंगे।

विनेश ने कहा कि अगर हम जैसे पहलवानों के साथ ऐसा हो रहा है तो बाकी लड़कियां कितनी सुरक्षित हैं। अगर हम भी सुरक्षित नहीं हैं तो हिंदुस्तान में एक भी लड़की का जन्म नहीं होना चाहिए। हमारी जान चली जाए मंजूर है, लेकिन कुश्ती के भविष्य को संवारकर ही दम लेंगे।

कुश्ती संघ को किया जाए भंग: बजरंग

बजरंग पुनिया ने कहा कि हम चाहते हैं कि कुश्ती संघ को भंग किया जाए। अगर वह इस्तीफा दे भी देते हैं तो फिर से अपने लोगों को वहां बिठा देंगे। राज्य कुश्ती संघ में भी उनके ही लोग बैठे हैं तो हम संघ को ही भंग करवाना चाहते हैं। साक्षी मलिक ने कहा कि हमें केरल और महाराष्ट्र की महिला पहलवानों के फोन आ रहे हैं, जिनके साथ गलत हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘मैं पीएम नरेन्द्र मोदी से गुहार लगाती हूं कि न्याय किया जाए।’ अंशु मलिक ने कहा कि पाप का घड़ा भर चुका है। कुश्ती संघ में सब भ्रष्ट हैं। बुल्गारिया में जब जूनियर महिला पहलवान प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थीं तब बृजभूषण होटल का कमरा खोलकर सोते थे।

आइओए अध्यक्ष पीटी उषा ने दिलाया न्याय का भरोसा

भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा ने ट्वीट कर कहा कि, ‘अध्यक्ष के तौर पर मैं पहलवानों के इस मुद्दे पर और सदस्यों से चर्चा कर रही हूं। किसी भी एथलीट को अगर कोई समस्या है तो वह अपनी समस्याओं पर हमसे चर्चा करे।’

Back to top button