बहू से चिढ़ी सास, शादी रोकने के लिए किया ऐसा काम…!

आपने अक्सर सुना होगा कि सास और बहू की आपस में पटती नहीं है. बहुत कम ऐसे केसेज़ हैं, जहां सास और बहू के बीच विवाद नहीं होता हो. हालांकि कुछ रिश्ते ऐसे भी होते हैं, जिनमें बहू बनने से पहले ही लड़के की मां अपने बेटे की पसंद को नापसंद करने लगती है. ऐसे में इस तरह के किस्से सामने आते हैं, जो बेहद अजीबोगरीब लगते हैं.
ऐसा नहीं है कि सास-बहू का झगड़ा सिर्फ डेली सोप की कहानी है. मैक्सिको में एक ऐसा सास-बहू का ड्रामा सामने आया कि जानकर आप दंग रह जाएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां एक महिला को अपने बेटे की पसंद से इतनी दिक्कत थी कि उसने किसी मिशन की तरह अपने बेटे की शादी को रोकना ही अपने जीवन का मकसद बना लिया था. इसके लिए उसने जो किया, उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते.
बेटे की शादी रोकने के लिए मां की सनक
मैक्सिको के एक बिजनेसमैन के बेटे को एलेक्ज़ेंड्रिया नाम की मिडिल क्लास लड़की के प्यार हो गया. अब वो उससे शादी करना चाहता था लेकिन परिवार बिल्कुल नहीं चाहता था कि बेटा किसी साधारण लड़की से शादी करे. उन्हें लगा कि लड़की सिर्फ बेटे के पैसों के पीछे है. ऐसे में पूरा परिवार लड़की के पीछे पड़ गया. पहले तो दूल्हे के भाई-बहनों ने भाभी को फेक अकाउंट्स के ज़रिये धमकाना शुरू कर दिया. उसे रिश्ता तोड़ने के लिए ब्लैंक चेक दिया गया. लड़के को फैमिली बिजनेस से निकाल दिया.
सास थी और भी खतरनाक
इतना ही नहीं दूल्हे की मां ने झूठे हार्ट अटैक का भी नाटक किया और कहा कि उसके बेटे की वजह से ऐसा हो रहा है. बावजूद इसके जब कपल शादी से पीछे नहीं हटा तो मां ने कुछ गुंडों को हायर किया. उन्होंने शादी से पहले दुल्हन की गाड़ी रोककर उस पर लाल रंग का पेंट डालकर उसके कपड़े खराब कर दिए. हालांकि लड़की ने यहां भी कपड़े बदल लिए और गोल्डेन कलर की ड्रेस में पहुंच गई. फिलहाल दोनों की शादी तो हो गई लेकिन सोशल मीडिया पर तस्वीरें और कहानी वायरल हो गई.





