घर में मछलियों का जोड़ा रखने से होता है शुभ, दूर होते हैं सभी दुर्भाग्य

राशि में यदि ग्रह कमजोर या बिगड़े हुए हों, तो घर व कार्यस्थल पर नकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है। साथ ही बनते काम भी बिगड़ने लगते हैं। नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए यदि उपाय नहीं मिल रहा है, तो घर में मछलियों का जोड़ा लटकाइए, लाभ्ा होगा। घर व कार्यालय में मछलियों के जोड़े को लटकाने से सौभाग्य में वृद्धि होती है। वास्तुशास्त्र एवं फेंगशुई के अनुसार, मछलियों का जोड़ा घर-कार्यालय की नकारात्मक ऊर्जा को सकारात्मक ऊर्जा में परिवर्तित करता है। फलस्वरूप व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक शक्ति में वृद्धि होती है।
मछली का प्रतिरूप आकाश में तारों के माध्यम से मीन राशि के रूप में प्रदर्शित होता है। तारों से मिलकर बनने वाली आकृति दो मछलियों के जोड़ों को दर्शाती है। ज्योतिषशास्त्र में इसे मीन राशि की संज्ञा दी गई है। मीन राशि का नियंत्रण देवताओं के गुरु बृहस्पति के पास है। देवगुरु बृहस्पति को शुभ ग्रह माना गया है, जिसके प्रभाव से व्यक्ति ज्ञानवान होकर सुख-समृद्धि, मान-सम्मान, समाज में प्रतिष्ठा अर्जित करता है। शुभता के लिए मछली का जोड़ा बृहस्पतिवार के दिन घर-कार्यालय में टांगा जाए, तो यह और भी प्रभावशाली परिणाम देता है।
प्रेम और संपन्नता का प्रतीक गोल्ड फिश- फेंगशुई में गोल्ड फिश को सबसे अधिक पवित्र एवं संपन्नता देने वाला माना गया है। यदि घर में बड़ा एक्वेरियम रखने की जगह न हो, तो आप दो मछलियों वाला छोटा एक्वेरियम रख सकते हैं। इसे प्यार का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ ही आप क्रिस्टल की मछलियों का जोड़ा भी बेडरूम में रख सकते हैं।
होगा धन लाभ- धन, जल की तरह चलायमान है। शास्त्रों में लक्ष्मी को चंचला कहा गया है। मछली जल से जुड़ी होने के कारण और भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार का स्वरूप होने के कारण धन-सम्पति को शीघ्र आकर्षित करती है। मछली का जोड़ा रुके कार्य को पानी के बहाव की तरह पूर्ण करने लगता है। मछली के प्रतीक को घर, दुकान, कार्यालय में हवा में लटकाया जाता है, तो वायु तत्व के माध्यम से जल तत्व से संबंधित शांति, उस जगह की ऊर्जा में प्रवाहित होने लगती है। इससे वातावरण निरंतर प्रगतिशील बना रहता है।
हिन्दू धर्मशास्त्रों में वर्णित है कि भगवान विष्णु मत्स्य अवतार लेकर पृथ्वी पर अवतरित हुए। धन की देवी लक्ष्मी भगवान विष्णु की पत्नी हैं, इसलिए मछलियों की किसी भी प्रकार से सेवा अथवा मछलियों से संबंधित उपाय करने से धन संबंधित भाग्य प्रबल होने लगता है।





