रमजान के दौरान गुलमर्ग में आयोजित फैशन शो पर कश्मीर के नेता नाराज, सीएम उमर ने तलब की रिपोर्ट

रमजान माह में गुलमर्ग में आयोजित फैशन शो से कश्मीरी नेता नाराज हैं। तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि फैशन शो के कारण स्थानीय लोगों की संवेदनाएं आहत हुई हैं।
फैशन शो 7 मार्च को शिवान और नरेश नाम के डिजाइनर लेबल की तरफ से आयोजित किया गया। यह इवेंट स्की एंड एप्रेस स्की 2025 महोत्सव का हिस्सा है। इसमें कला प्रिंट्स से सजी ड्रेस पहनकर मॉडल्स ने गुलमर्ग के बर्फीले इलाके में रनवे पर परेड की थी। मॉडल्स के पहने गए कपड़ों के कारण लोगों में आक्रोश है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट जल्द ही मिलने की उम्मीद है। हुर्रियत कांफ्रेंस के नेता मीरवाइज उमर फारूक ने सोशल मीडिया पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लिखा, घिनौना। लिखा है कि घाटी को उसकी पवित्रता के लिए जाना जाता है, इसे कैसे सहन किया जा सकता है। उन्होंने आयोजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ राष्ट्रीय कांग्रेस नेता आगा रुहुल्ला ने एक्स पर लिखा, गुलमर्ग की तस्वीरें चौंकाने वाली हैं। यह पर्यटन के भेष में सांस्कृतिक आक्रमण जैसा है। पर्यटन विभाग के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने एक्स पर लिखा, इस तरह का इवेंट इस समय आयोजित करना उचित नहीं था।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर किया पोस्ट
सदमे और गुस्से को पूरी तरह से समझा जा सकता है। गुलमर्ग में अश्लील फैशन शो की जो तस्वीरें मैंने देखी हैं, वे स्थानीय संवेदनशीलता की उपेक्षा करती हैं, वह भी इस पवित्र महीने के दौरान। मेरा कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है, और मैंने अगले 24 घंटों के भीतर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई, जैसा उचित होगा, की जाएगी





