अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार काशीपुर निवासी फैक्ट्री कर्मचारी की हुई मौत

Rudrapur accident : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार काशीपुर निवासी फैक्ट्री कर्मचारी की मौत हो गई। इसका पता चलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वाहन के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

मूलरूप से काशीपुर, मजरा और हाल रुद्रपुर, सामिया निवासी 40 वर्षीय फुरकान पुत्र इरफान सिडकुल की सेक्टर दो स्थित इंटार्क फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार को अवकाश होने के कारण वह मतदान के लिए घर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह वह बाइक से डयूटी के लिए आ रहे थे। इसी बीच काशीपुर रोड स्थित जाफरपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख आसपास के लोगों ने पुलिस के साथ ही एंबुलेंस 108 को सूचना दी।
सूचना पर एंबुलेंस कर्मी पहुंचे और उसे जिला अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सिडकुल चौकी प्रभारी मुकेश मिश्रा पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली, साथ ही घटना की जानकारी काशीपुर निवासी स्वजनों को दी। फुरकान की मौत का पता चलते ही उनकी पत्नी शहनाज समेत अन्य स्वजनों में काेहराम मच गया। चौकी प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।





