करनाल: तिरंगा यात्रा में सीएम सैनी ने लिया हिस्सा

इस समय पूरे हरियाणा में तिरंगा यात्रा की धूम है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे प्रदेश में आजकल तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इस कड़ी में करनाल में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी हिस्सा लिया। इसकी शुरुआत शहर के रामलीला मैदान से हुई। इस दौरान सीएम सैनी ने सनातन धर्म मंदिर में माथा टेका और भगवान का आशीर्वाद लिया। तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखा।
भारत इस बार 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इसे लेकर हर भारतीय में एक जोश, जुनून और उत्साह देखने को मिल रहा है। आजादी के इस पर्व को लेकर हरियाणा में भी तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इस सिलसिले में सीएम नायब सिंह सैनी करनाल पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान में तिरंगा फहराया और वहां उपस्थित जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने हवन में आहुति डाली। फिर उनकी तिरंगा यात्रा पूरे शहर में निकली, जहां अलग-अलग स्थान पर लोगों ने उनका स्वागत किया।
देश के लिए बलिदान होने वाले शहीदों को भी याद किया सीएम ने
बता दें कि तिरंगा यात्रा के दौरान करनाल की जनता और भारतीय जनता पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा था। सीएम सैनी ने कहा कि पीएम मोदी ने संकल्प लिया है कि 2047 तक विकसित भारत बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान होने वाले शहीदों को भी याद किया।