करनाल पहुंचे नायब सैनी, बोले- चार जून के बाद हुड्डा भी गायब हो जाएंगे!

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चार जून के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी गायब हो जाएंगे। नायब सिंह सैनी ने यह बात बुधवार को कांग्रेस की रैली से बड़े नेताओं के नदारद रहने के सवाल पर कही। वह वीरवार को स्थानीय सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य के दर्शन कर झंडा फहराने की रस्म अदा करने पहुंचे।

कांग्रेस प्रत्याशी तरलोचन सिंह के मुकाबले पर आने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक बार पहले भी आए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा मानते होंगे मुकाबला, परिणाम तो पिछली बार जैसा ही होगा। लोक सभा की भी सभी 10 सीटें जीतेंगे, क्योंकि डबल इंजन की सरकार ने लोगों को सीधा लाभ पहुंचाया है। हर वर्ग के लिए कार्य किया, किसान को मजबूत किया, युवाओं में विश्वास जगाया।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1970 के दशक में इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था। लोग गरीबी हटने की आशा में वोट देते रहे लेकिन गरीबी नहीं हटी। गरीबी हटाने का वास्तविक कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।

सीएम ने कहा कि उसकी वानगी ये है कि एक महिला ने उनसे कहा कि उसके पति बीमार हैं, ये सुनते ही वह स्वयं उसके घर गए, उसके बीमार पति से हालचाल पूछा, उसने बताया कि उसे आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है, इलाज निशुल्क चल रहा है। उन्होंने भरोसा दिया कि यदि और कोई सहायता चाहिए तो वह 24 घंटे तत्पर हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर बार घोषणा पत्र निकालती है, वह घोषणाएं कभी धरातल पर नहीं आतीं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा कांग्रेस का मुकाबला भाजपा से बताने पर कहा कि मुकाबला वह मानते होंगे।

Back to top button