कपल ने चलती ट्रेन में की शादी, शानदार पार्टी भी दी, मेहमान भी आए!

दुनिया में अलग-अलग तरह के लोग हैं और उनकी अपनी सोच होती है. कुछ लोग बहुत लैविश वेडिंग के शौकीन होते हैं तो कुछ लोगों को सीधी-सादी शादी पसंद होती है. यही वजह है कि कपल अपने बजट और पसंद के मुताबिक शादी की जगह को चुनता है. हालांकि हम आज आपको जिस कपल के बारे में बताने जा रहे हैं, वो सबसे अलग है. उसने शादी का ऐसा वेन्यू चुना है, जो सामान्य तौर पर कोई सोच भी नहीं सकता.

आपने लोगों को अपनी शादी के अलग डेस्टिनेशन और थीम चुनते हुए देखा और सुना होगा, ताकि वो शादी को यादगार बना सकें. हालांकि एक ब्रिटिश कपल ने शादी के लिए जो जगह चुनी, वो आम नहीं है. उन्होंने न तो कोई बड़ा रिसॉर्ट या होटल चुना है, बल्कि वो तो रेल में शादी करने पहुंच गए. इसके लिए खास तैयारी की गई और बेहतरीन पार्टी का अरेंजमेंट हुआ.

कपल ने ट्रेन में कर ली शादी
आपने शादियां तमाम तरह की सुनी होंगी लेकिन ऐसी शादी शायद ही सुनी होगी. ग्रेट वेस्टर्न रेलवे में एक कपल ने अपनी शादी की पार्टी दी. 125 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन में दूल्हा-दुल्हन ने साथ जीने-मरने की कस्में खाई और आए हुए मेहमानों को खिलाया-पिलाया भी. 38 साल की लेह और 39 साल के विंस की ये शादी अनोखी थी. चूंकि उनकी मुलाकात ही ग्रेट वेस्टर्न रेलवे में हुई थी, ऐसे में उन्होंने इसे ही अपनी शादी के वेन्यू के तौर पर भी चुना और सभी को ट्रेन में ही इनवाइट किया.

लव स्टोरी का अहम पार्ट रही रेल
इस शादी में स्पीच भी हुए, शादी का खाना और शैंपेन भी परोसी गई और ये सब तब हो रहा था, जब ट्रेन चल रही थी. लेह बताती हैं कि ट्रेन उनकी ज़िंदगी का अहम हिस्सा रही. वे दोनों रेल में ही मिले थे और उन्होंने 8 साल पहले अपनी डेट भी ट्रेन में ही की. ऐसे में वो इसे यादगार बनाने के लिए शादी भी ट्रेन में ही करना चाहते थे और उन्होंने ऐसा ही किया.

Back to top button