दिल्ली में दो गुटों के आपसी झगड़े में जमकर फायरिंग हुई, तीन को लगी गोली

दिल्ली में बेखौफ बदमाशों का आतंक जारी है. जिसके चलते जहांगीरपुरी इलाके में दो गुटों के आपसी झगड़े में जमकर फायरिंग हुई. इस दौरान वहां खड़े दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को गोली लग गई. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी अभी तक पुलिस की पहुंच से बाहर हैं.
वारदात नार्थ-वेस्ट दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके की है. दरअसल, वहां दो गुट आपस में लड़ रहे थे. तभी दोनों तरफ से गोलीबारीहोने लगी. इसी दौरान वहां खड़े होकर झगड़ा देख रहे दो नाबालिगों और एक युवक को गोली जा लगी. गोली लगने से 14 साल का अरमान, 15 वर्षीय राहुल और 24 साल का सुबोध घायल हुए. इन तीनों का झगड़े से कोई संबंध नहीं था.
तीनों घायलों को फौरन जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से तीनों को एलएनजेपी अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया. फिलहाल, महिंद्रा पार्क थाना पुलिस मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है.





