Josh Hazlewood हुए टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 से बाहर

 ऑस्‍ट्रेलिया को टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के शुरू होने से पहले जोरदार झटका लगा है। प्रमुख तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण आगामी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्‍ट्रेलिया ने शुक्रवार को कहा कि जोश हेजलवुड समय पर हैमस्ट्रिंग चोट से उबर नहीं पाए हैं और इस कारण वो बाहर हुए।

बहरहाल, 35 साल के जोश हेजलवुड के रिप्‍लेसमेंट के नाम का ऐलान अब तक नहीं हुआ है। क्रिकेट ऑस्‍ट्रेलिया ने कहा कि टूर्नामेंट को ध्‍यान में रखते हुए विकल्‍प के नाम की घोषणा की जाएगी। ऑस्‍ट्रेलिया के यह दोहरा झटका है, क्‍योंकि इससे पहले पैट कमिंस भी टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 से बाहर हो चुके हैं।

ऑस्‍ट्रेलिया के पास बेन ड्वारहुईस और जेवियर बार्टलेट के रूप में दो फिट तेज गेंदबाज मौजूद हैं। क्रिकेट ऑस्‍ट्रेलिया के चयनकर्ता टॉड डोडमेड के हवाले से क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने कहा, ‘हमें उम्‍मीद थी कि सुपर आठ चरण तक जोश हेजलवुड फिट हो जाएंगे, लेकिन ताजा संकेत मिले हैं कि वो पूरी तरह फिटनेस हासिल करने से दूर हैं। उनके कार्यक्रम में तेजी लाने से जोखिम बढ़ेगा।’

डोडमेड ने आगे कहा, ‘हम तुरंत जोश हेजलवुड के रिप्‍लेसमेंट के नाम का ऐलान नहीं कर रहे हैं। हमें लगता है कि शुरुआती मैचों के लिए हमारी टीम पर्याप्‍त रूप से तैयार है और बाद में समय की मांग को देखते हुए खिलाड़ी के नाम पर फैसला लिया जाएगा।’

ऑस्‍ट्रेलिया में बड़ा बदलाव

मार्च 2011 के बाद पहला प्रमुख आईसीसी विश्‍व कप टूर्नामेंट होगा, जिसमें मिचेल स्‍टार्क (टी20 प्रारूप से संन्‍यास), पैट कमिंस और जोश हेजलवुड के बिना ऑस्‍ट्रेलियाई टीम मैदान संभालेगी। कप्‍तान मिचेल मार्श ने प्रमुख तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी के बावजूद कहा कि ऑस्‍ट्रेलियाई टीम में गहराई है।

मार्श ने क्‍या कहा

ऑस्‍ट्रेलिया को अपने ग्रुप मुकाबले श्रीलंका में खेलने हैं, जिसकी शुरुआत 11 फरवरी से होगी। ऑस्‍ट्रेलिया अपने स्पिनर्स मैट कुहनेमन, ग्‍लेन मैक्‍सवेल और कूपर कोनोली पर निर्भर करेगी। मार्श ने कहा, ‘हमारी टीम में काफी गहराई है और लड़कों ने काफी क्रिकेट खेली है। हम विश्‍वास से भरे हैं और खिलाड़ी को स्थिति के हिसाब से उनके काम के लिए चुना गया है।

मार्श ने साथ ही कहा, ‘मैथ्‍यू कुहनेमन हमारे लिए शानदार रहे हैं। हमारे पास एडम जंपा और कई स्पिन ऑलराउंडर्स हैं, जैसे अन्‍य टीमों के पास हैं। तो मेरे ख्‍याल से हमारे सभी विभाग कवर हैं और अब अपनी योजना पर टिकने की जरुरत है।’

ऑस्‍ट्रेलियाई टीम इस प्रकार है:

मिचेल मार्श (कप्‍तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारहुईस, कैमरन ग्रीन, नाथन ऐलिस, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्‍यू कुहनेमन, ग्‍लेन मैक्‍सवेल, मैथ्‍यू रेनशॉ, मार्कस स्‍टोइनिस, एडम जंपा।

ट्रेवलिंग रिजर्व – शॉन एबट।

Back to top button