जेट एयरवेज के पायलट ने महिला को-पायलट को उड़ान के दौरान कॉकपिट में जड़ा थप्पड़
मुंबई| निजी विमानन कंपनी जेट एयरवेज ने उड़ान के दौरान विमान में झगड़े को लेकर दो पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया है. लंदन से एक जनवरी को मुंबई आ रही विमान के एक पुरुष पायलट ने उड़ान के दौरान अपनी एक महिला सहकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया था. कंपनी के एक सूत्र ने पीटीआई भाषा से कहा कि यह घटना सोमवार को उस समय हुई जब विमान ईरान-पाकिस्तान की हवाई सीमा में था.
संपर्क करने पर कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों के बीच कुछ गलतफहमी हो गयी थी और उसे तत्काल ही सुलझा लिया गया था. कंपनी ने यह मामला डीजीसीए को सौंप दिया है और उन्हें ड्यूटी से हटा दिया है.
वहीं, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पायलट का उड़ान लाइसेंस निलंबित कर दिया है. डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई भाषा से कहा कि जांच अभी लंबित है और आरोपी पायलट का उड़ान लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है.





