जेई की पत्नी को पसंद नहीं आया अपना मेकअप, नाराज पति ने कर्मचारियों को धमकाया और तोड़फोड़ की

‘सैंया भए कोतवाल अब डर काहे का’ यह कहावत गुरुग्राम नगर निगम में तैनात एक जेई और उसकी पत्नी पर सटीक बैठती है। कथित तौर पर नगर निगम के एक जेई की पत्नी को सेक्टर-38 में स्थित कट एंड सैलून से ली गई सुविधाएं पसंद नहीं आईं। इस बात से नाराज जेई ने पहले सैलून कर्मचारियों को धमकाया और फिर नगर निगम कर्मचारियों को भेजकर सैलून में तोड़फोड़ और मारपीट कर दी। पुलिस ने सैलून मैनेजर की शिकायत पर आरोपी जेई के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पत्नी के साथ गए थे सैलून में : मूलरूप से दिल्ली के महरौली निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कट एंड सैलून में बतौर मैनेजर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार साढ़े 11 बजे नगर निगम के जूनियर इंजीनियर राकेश कुमार अपनी पत्नी के साथ सैलून में आए थे। सैलून के मालिक से बात करने के बाद जेई की फेशियल की गई। उसके बाद उनकी पत्नी और पत्नी के साथ एक अन्य महिला को भी सुविधाएं दी गईं। सैलून में कार्यरत महिला कर्मचारी उन्हें रूम में लेकर गई। कुछ देर बाद जेई की पत्नी ने फोन कर बताया कि सैलून में किए गए काम से वह संतुष्ट नहीं है।

इसके बाद जेई राकेश कुमार अपने अन्य कर्मचारियों के साथ सैलून में आए। उन्होंने कर्मियों संग गाली-गलौज की और धमकी देते हुए काम के पांच हजार रुपये बिना दिए ही वहां से चले गए। फिर कुछ देर बाद नगर निगम के कर्मचारी जीप लेकर वहां आए और सैलून के साइन बोर्ड को तोड़ गए।

इस घटना के संबंध में नगर निगम के जेई राकेश ने बताया कि उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं। उन्होंने सैलून पर कार्रवाई के लिए टीम नहीं भेजी थी। वह शुक्रवार को छुट्टी पर थे।

पुलिस ने सैलून मैनेजर की शिकायत पर आरोपी जेई के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button