JEE Main-2025: 24 टॉपर्स में हिसार के सक्षम जिंदल

स्नातक इंजीनियरिंग दाखिले के लिए जेईई मेन-2025 में हिसार के सक्षम जिंदल समेत कुल 24 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल कर शीर्ष में जगह बनाई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की तरफ से जारी नतीजों के मुताबिक, परीक्षा में शीर्ष स्थान पर रहने वालों में राजस्थान के छह, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश एवं महाराष्ट्र के तीन-तीन, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और गुजरात के दो-दो और कर्नाटक, हरियाणा व आंध्र प्रदेश के एक-एक परीक्षार्थी शामिल हैं। इनके अलावा हरियाणा के ही तीन और परीक्षार्थियों ने टॉप-80 में जगह बनाई है। तीनों गुरुग्राम के हैं। इनमें दिव्य रस्तोगी का ऑल इंडिया में 28वां, अमोघ बंसल का 29वां व आदित्य कुमार भी टॉप-100 में शामिल हैं। वहीं, देशभर में टॉप करने वालों में दो बेटियां भी हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जनवरी और अप्रैल सत्र की कंप्यूटर आधारित परीक्षा के बेस्ट स्कोर के आधार पर जेईई मेन 2025 की मेरिट जारी की गई है। इसमें 100 परफेक्ट स्कोर हासिल करने वाले 24 छात्रों में 21 सामान्य वर्ग के हैं, और तीन एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के हैं। जनवरी सत्र में 12.58 लाख छात्रों और अप्रैल सत्र में 9.92 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी।
मेरिट में जगह बनाने वाले ढाई लाख अभ्यर्थी अब 23 आईआईटी की दाखिला परीक्षा जेईई एडवांस के योग्य होंगे। ये 23 अप्रैल से 2 मई तक जेईई एडवांस 2025 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। 5 मई रात 11.59 मिनट तक ऑनलाइन फीस जमा कराई जा सकेगी। आईआईटी कानपुर 18 मई को जेईई एडवांस 2025 की परीक्षा आयोजित करेगा। इसके बाद दो जून को जेईई एडवांस 2025 का रिजल्ट जारी होगा।
सक्षम का सपना आईआईटी मुंबई जाना
पूर्ण 100 स्कोर हासिल करने वाले हिसार के सक्षम जिंदल ने ऑल इंडिया रैंक में 10वां स्थान प्राप्त किया है। उनके पिता डॉ. उमेश जिंदल ने बताया कि सक्षम ने 10वीं कक्षा में हिसार स्थित ओपी जिंदल स्कूल से टॉप किया था। उसका लक्ष्य आईआईटी मुंबई जाना है। वह जेईई एडवांस की तैयारी में जुटा है। वह नियमित तौर पर 13-14 पढ़ाई करता है। 15 मिनट ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता है।
अमोघ ने कोचिंग के साथ सेल्फ स्टडी की
अमोघ गुरुग्राम के सेक्टर-81 के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते हैं। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखी है। उनके पिता एक निजी बैंक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। दिव्य रस्तोगी ने बताया कि परीक्षा में टॉप करने के लिए उन्होंने सेल्फ स्टडी की और आत्मविश्वास को बरकरार रखा। कोचिंग के साथ-साथ सेल्फ स्टडी भी की। आदित्य कुमार का भी कहना है कि परीक्षा के दौरान कोचिंग के साथ-साथ ज्यादा से ज्यादा सेल्फ स्टडी की।
हरियाणा के ये छात्र भी छाए
पानीपत की नेहा ने 99.75 पर्सेंटाइल प्राप्त की है। उनका एआईआर रैंक 399 है। इनके अलावा, फरीदाबाद के डीएवी पब्लिक स्कूल के सुहान ने 99.96 और फरीदाबाद के ही विवेकानंद स्कूल के मेधांश ने 99.52 पर्सेंटाइल पाई।
जोसा की विंडो 3 जून को होगी ओपन
सभी आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी, आईआईएससी बंगलूरू समेत केंद्र सरकार से सहायता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों में बीटेक समेत अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 3 जून को ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) की विंडो ओपन होगी। इसमें जेईई मेन और जेईई एडवांस 2025 की क्वालिफाई छात्रों को पंजीकरण करना होगा। आईआईटी में जेईई एडवांस और एनआईटी, आईआईआईटी समेत अन्य शिक्षण संस्थानों में जेईई मेन 2025 की मेरिट से जोशा की ऑनलाइन काउंसलिंग में सीट अलॉट होंगी। आईआईटी के लिए इस बार पांच और अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए छह राउंड की काउंसलिंग होगी।
23 उम्मीदवारों का रिजल्ट रोका
एनटीएन ने कुल 23 उम्मीदवारों का रिजल्ट आवेदन और बायोमेट्रिक मैच न होने के कारण रोका है। आवेदकों को 24 अप्रैल तक राजपत्रित अधिकारी से अपनी फोटो अभिप्रमाणित करा ईमेल करनी होगी। ऐसा न करने पर इनकी उम्मीदवारी अनुचित साधनों के उपयोग के मामले में रद्द कर दी जाएगी।
नकल के कुल 149 मामले दर्ज
जेईई मेन की जनवरी और अप्रैल सत्र की परीक्षा में नकल के कुल 149 मामले दर्ज हुए हैं जिसमें 110 मामले जनवरी सत्र और 39 अप्रैल सत्र में सामने आए थे। अप्रैल सत्र में 449 मामले डुप्लीकेट आवेदन के हैं। इन उम्मीदवारों को जनवरी के एक आवेदन का स्कोर दिया गया है। यह मामले भी अनुचित साधनों के तहत दर्ज हुए हैं।
किस वर्ग से कितने छात्रों ने किया क्वालीफाई
सामान्य वर्ग से कुल 97321 छात्रों ने जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाई किया। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 97351 था।
एससी-ऑल कैटेगरी में 37519 और एसटी ऑल में 18823 छात्र सफल रहे। ओबीसी वर्ग के 67614 छात्रों ने सफलता हासिल की है।
ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 25009 छात्रों और जनरल-पीडब्ल्यूडी कैटेगरी में 3950 छात्र सफल रहे।
कितना रहा कटऑफ
सामान्य वर्ग-93.1023262
ईडब्ल्यूएस -80.3830119
ओबीसी-79.4313582
एससी-61.152693
एसटी-47.9026465
दिव्यांग-0.0079349
आईआईटी धनबाद टॉपर्स को देगा मुफ्त पढ़ाई की सुविधा
जेईई एडवांस्ड 2025 के लिए क्वॉलिफाई करने वाले 1000 टॉपर्स को आईआईटी धनबाद मुफ्त में पढ़ाई का मौका देगा। आईआईटी धनबाद ने जेईई एडवांस के लिए 1000 सीआरएल (कॉमन रैंक लिस्ट) पाने वाले सभी स्टूडेंट्स का पूरा शिक्षण शुल्क माफ (फुल ट्यूशन फीस वेवर) करने की घोषणा की है।





