बिहार के भागलपुर में जेडीयू विधायक गोपाल मंडल के बेटे आशीष के रेस्टोरेंट में लगी आग…

बिहार के भागलपुर में जेडीयू विधायक गोपाल मंडल के बेटे आशीष के रेस्टोरेंट में बुधवार अलसुबह अचानक आग लग गई। आग लगने से आशीष मंडल का रेस्टोरेंट जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ गए। पड़ोस के 6 घरों को भी आग से नुकसान पहुंचा है। दमकल की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। विधायक गोपाल मंडल ने दुश्मनों पर आग लगाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार तड़के करीब 4 बजे रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। आनन-फानन में लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इसने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते जेडीयू विधायक के बेटे का रेस्टोरेंट और आसपास के घर आग की चपेट में आ गए। 

सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग से भारी नुकसान हो चुका था। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के पास स्थित घरों में रहने वाले लोग सड़क पर आ गए हैं। उनका घरेलू सामान, जेवरात और वाहन, सबकुछ आग में स्वाहा हो गया। 

रेस्टोरेंट में हुई थी गोलीबारी
जेडीयू विधायक गोपाल मंडल के बेटे आशीष का बिग डैडी रेस्टोरेंट भागलपुर में जीरोमाइल स्थित एलआईसी दफ्तर के पास है। आशीष खुद इस रेस्टोरेंट को चलाता था। बीते 12 दिसंबर को इसी रेस्टोरेंट में गोलीबारी हुई थी। यह मामला काफी चर्चित रहा था। आशीष को गिरफ्तार भी किया गया। बाद में उसे पटना हाई कोर्ट से जमानत मिल गई। हाल ही में वह जेल से छूटकर आया है।

Back to top button