जम्मू कश्मीर: पुलवामा के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवा निलंबित

दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को पुलवामा के वामपोरा और हुनिपोरा इलाकों में मोबाइल डेटा सेवाओं को निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सुरक्षा कारणों से दक्षिण कश्मीर के जिला पुलवामा के कुछ हिस्सों में मंगलवार को मोबाइल इंटरनेट सेवा रोक दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) विजय कुमार ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को पुलवामा के वामपोरा और हुनिपोरा इलाकों में मोबाइल डेटा सेवाओं को निलंबित करने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि राष्ट्र-विरोधी तत्वों द्वारा मोबाइल डेटा सेवाओं के दुरुपयोग कर आतंकी घटना को अंजाम दिया जा सकता है। इसी के चलते यह फैसला लिया गया है। दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को इन क्षेत्रों के तीन किमी के दायरे में मोबाइल डेटा निलंबित करने का निर्देश दिया गया है।





