जम्मू कश्मीर: बर्फबारी के बाद देशी-विदेश पर्यटकों से गुलजार हुआ गुलमर्ग

इस सीजन में बर्फबारी ने सैलानियों को लंबा इंतजार कराया। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग पसंदीदा स्कीइंग ढलानों के लिए जाना जाता है। हाल ही में दो महीने के शुष्क दौर के बाद हुई बर्फबारी के बाद साहसिक खेलों के चाहने वालों और प्रकृति प्रेमियों यह स्थल गुलजार हो गया है। इस बार जनवरी महीने में बिना बर्फबारी की गुलमर्ग की तस्वीरों ने सबको चौंका दिया था, लेकिन महीने के आखिरी सप्ताह में हई बर्फबारी ने वादी की तस्वीर में बर्फ का सफेद रंग भर इसे खूबसूरत बना दिया है।
रूसी पर्यटक एंड्रयू ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के इस प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में अफरवाट की ढलानों पर अपने स्कीइंग कौशल को आजमाने के लिए बर्फबारी का इंतजार करना सार्थक रहे। यहां स्की करना बहुत आनंददायक है। उन्होंने कहा कि रूस में भी समान परिदृश्य हैं, लेकिन इतने ऊंचे पहाड़ नहीं हैं। हालांकि, यहां कुछ नया है, कुछ अलग है।
एंड्रयू ने आगे बताया, मैं 18 जनवरी को कश्मीर पहुंची और बहुत अधिक बर्फबारी की उम्मीद थी। हालांकि, बर्फबारी नहीं हुई और मुझे इसे देखने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। मैंने उचित परिस्थितियों की प्रतीक्षा में चंडीगढ़, शिमला और धर्मशाला की यात्रा की। मैं यहां आकर खुश हूं।’
एंड्रयू की तरह देश-विदेश से सैकड़ों पर्यटक ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर से लगभग 50 किमी दूर गुलमर्ग के शांत वातावरण में परिवार के साथ अपने समय का आनंद लेने के लिए प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट का दौरा कर रहे हैं। दूर-दूर से पर्यटक बर्फीली ढलानों पर स्कीइंग के रोमांच का अनुभव करने और बर्फ से ढके पहाड़ों की शांत सुंदरता का आनंद लेने के लिए गुलमर्ग पहुंच रहे हैं।
पर्यटन विभाग के अनुसार, ताजा बर्फबारी के बाद फरवरी के केवल छह दिनों के भीतर इस स्थान पर 19,532 पर्यटकों की भारी आमद देखी गई। विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 1 से 6 फरवरी तक 15,086 घरेलू पर्यटक, 4,290 स्थानीय और 156 विदेशी गुलमर्ग आए।
मध्य प्रदेश के रोहित ने कहा, ‘बर्फबारी न होने के कारण हमने कश्मीर में अपनी बुकिंग दो महीने के लिए रोक दी थी। हालांकि, जैसे ही हमने बर्फबारी के बारे में सुना, हम कश्मीर के लिए निकल पड़े और अब हम यहां हैं।’ उन्होंने कहा, “यहां वास्तव में स्वर्ग है। यह पहली बार है कि मैं ऐसा कुछ देख रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि गुलमर्ग की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने स्लेजिंग का भी आनंद लिया। उन्होंने देशवासियों से घाटी की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए अपने जीवन में कम से कम एक बार कश्मीर जाने का आग्रह किया। सिर्फ रोहित ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों से आए कई पर्यटक भी गुलमर्ग की मनमोहक सुंदरता से मंत्रमुग्ध हो गए हैं।
हरियाणा की दीपांशी ने बताया कि कश्मीर की अपनी सपनों की यात्रा पर जाने के लिए लगभग तीन महीने तक इंतजार किया। उन्होंने कहा, “आखिरकार, हम यहां विंटर वंडरलैंड गुलमर्ग में हैं और हम इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं। यह बहुत खूबसूरत है। हम यहां बर्फ में खेल रहे हैं और अच्छा समय बिता रहे हैं।”
पर्यटन हितधारक 21 से 25 फरवरी तक खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2024 के दूसरे संस्करण की शुरुआत के साथ आगंतुकों के आगमन में और वृद्धि को लेकर खुश और आशान्वित हैं। यह मूल रूप से 2 से 6 फरवरी तक गुलमर्ग में होने वाला था, जमीनी स्तर की बहु-खेल प्रतियोगिता का चौथा संस्करण शीर्ष स्कीइंग गंतव्य में बर्फ की कमी के कारण पहली बार जम्मू-कश्मीर से केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में स्थानांतरित किया गया। मौसम विज्ञानियों ने 18 से 20 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर बर्फबारी की फिर से भविष्यवाणी की है।





