जम्मू: हथियार विक्रेता के घर से फर्जी 435 गन लाइसेंस बरामद

जम्मू पुलिस ने फर्जी गन लाइसेंस रैकेट का पर्दाफाश किया है। सतवारी के गाडीगढ़ के रहने वाले गन हाउस संचालक के पास से 435 फर्जी गन लाइसेंस बरामद किए हैं। मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

ये लाइसेंस देश के विभिन्न राज्यों में रहने वाले लोगों के नाम पर बनाए गए हैं। मामले की जांच के लिए गठित कुछ टीमों को प्रदेश के बाहर भी भेजने की तैयारी है। माना जा रहा है कि इतना बड़ा फर्जीवाड़ा किसी अकेले शख्स का काम नहीं हो सकता। पुलिस फर्जी लाइसेंस बनाने के उद्देश्य का भी पता लगा रही है।

पुलिस के अनुसार, पुख्ता सूचना के बाद बुधवार देर रात गाडीगढ़ में गनहाउस संचालक तीर्थ सिंह के निर्माणाधीन घर पर छापा मारा गया। इस दौरान वहां पर एक बैग में 435 फर्जी लाइसेंस मिले। बताया जा रहा है कि तीर्थ सिंह का करण नगर गाड़ीगढ़ और कुंजवानी में गन हाउस है।

लंबा इतिहास है फर्जी लाइसेंस का

बता दें कि जम्मू कश्मीर में जाली गन लाइसेंसों का लंबा इतिहास है। जम्मू कश्मीर के विभिन्न जिलों से देशभर में रहने वाले 3 लाख फर्जी गन लाइसेंसों का पहले ही पर्दाफाश हो चुका है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। कई आईएएस अफसरों के नाम इसमें शामिल हैं। अधिकारियों की ओर से राजस्थान जैसे राज्यों में पूर्व सैनिकों को फर्जी रूप से लाइसेंस दिए जा चुके हैं। इसी कारण से प्रदेश में गन लाइसेंसों के निर्माण पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

तीर्थ सिंह के विभिन्न संपर्कों का पता लगाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुख्ता सूचना के आधार पर बुधवार की रात गाडीगढ़ हावर्ड कालेज के नजदीक छापा मारा गया था। आरोपी का पिछला रिकार्ड भी चेक किया जा रहा है। -विनोद कुमार, एसएसपी जम्मू।

Back to top button