जम्मू कश्मीर की भाजपा में फेरबदल की तैयारी, जल्द मिल सकता है नया अध्यक्ष

विधानसभा चुनाव से पहले जम्मू-कश्मीर में भाजपा संगठन में फेरबदल की तैयारी है। नया प्रदेश अध्यक्ष जल्द मिल सकता है। पार्टी में कई नामों पर उच्च स्तरीय मंथन चल रहा है। जातिगत समीकरणों तथा नेताओं के प्रभाव को देखते हुए नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग सकती है।

पार्टी से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि जातिगत आधार पर कई नामों पर विचार किया जा रहा है। पिछड़ी जाति तथा बनिया बिरादरी की अच्छी तादाद प्रदेश में है। इस वर्ग को लंबे समय से प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। सूत्रों का कहना है कि इन बिरादरियों के प्रभावशाली नामों पर चर्चा चल रही है।

इसके साथ ही ब्राह्णाण के बाद राजपूत बिरादरी के लोगों की भी यहां अच्छी आबादी है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रभावशाली राजपूत नेता की भी तलाश की जा रही है जिसकी आम लोगों के बीच छवि अच्छी हो।

2012 के बाद इस बिरादरी को नेतृत्व नहीं मिला है। बताते हैं कि ब्राह्मण बिरादरी के पास 2012 से ही यह पद रहा है। जुगल किशोर शर्मा के बाद सत शर्मा और रवींद्र रैना इस पद पर काबिज रहे हैं। रैना तो 2018 से ही इस पद पर हैं।

सूत्रों ने बताया कि लोकसभा चुनाव में हैट्रिक लगाने वाले जुगल किशोर शर्मा इस पद के प्रबलतम दावेदार माने जा रहे हैं। ऐसा इसलिए कि इस बार उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की उम्मीद थी। डैमेज कंट्रोल के लिए उन्हें यह पद दिया जा सकता है।

कम मतदान भी वजह
हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में जम्मू-कश्मीर में भाजपा ने दो सीटों पर कब्जा तो बरकरार रखा था, लेकिन उसका वोट प्रतिशत काफी गिर गया था। पार्टी के उच्चाधिकारियों का मानना है कि यदि विधानसभा में जीत सुनिश्चित करनी है तो संगठन में नए चेहरे को सामने लाना होगा ताकि नई ऊर्जा के साथ संगठन की गतिविधियां संचालित हो सके।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल
ठाकुर बलदेव सिंह 1980-1989
प्रो. चमनलाल गुप्ता 1989-1994
वैद्य विष्णुदत्त 1994-1996
दयाकृष्ण कोतवाल 1996-2002
डॉ. निर्मल सिंह 2002-2006
अशोक खजूरिया 2006-2010
शमशेर सिंह मन्हास 2010-2012
जुगल किशोर शर्मा 2012-2015
सत शर्मा 2015-2018
रवींद्र रैना 2018 से अब तक

यह संगठनात्मक चुनावी वर्ष है। 2023 में ही अध्यक्ष पद का चुनाव होना था, लेकिन लोकसभा चुनाव की वजह से यह हो नहीं सका। प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की एक प्रक्रिया है, जिसके तहत चुनाव संपन्न होगा। – रवींद्र रैना, अध्यक्ष-भाजपा

Back to top button