जम्मू कश्मीर: आज गृह मंत्री अमित शाह कर सकते हैं सुरक्षा समीक्षा

गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को सुरक्षा समीक्षा बैठक कर सकते हैं। इस दौरान अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के साथ ही कश्मीर में सुरक्षा स्थिति पर पुलिस तथा प्रशासन के उच्चाधिकारियों से मंत्रणा कर सकते हैं।

दो दिवसीय दौरे पर वीरवार की शाम पहुंचे गृह मंत्री ने भाजपा नेताओं के साथ ही कई प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। भाजपा नेता तरुण चुघ, रवींद्र रैना, सुनील शर्मा, आरएस पठानिया, द्राख्शां अंद्राबी ने उनसे मुलाकात की।

सूत्रों ने बताया कि शाह की मुलाकात केवल भाजपा नेताओं तक सीमित थी, लेकिन कुछ स्थानीय सहयोगी भी उनसे मिले। अपनी पार्टी के अल्ताफ बुखारी तथा पीपुल्स कांफ्रेंस के सज्जाद गनी लोन के भी मिलने की चर्चा रही।

ऑल गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी और यूनाइटेड कश्मीरी सिख प्रोग्रेसिव फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर पंजाबी भाषा को विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल करने तथा कश्मीरी पंडितों की तरह विधानसभा में उनके लिए भी सीटें आरक्षित करने की मांग की।

मोहम्मद युनूस खान के नेतृत्व में पहाड़ी समुदाय ने एसटी का दर्जा देने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि 50 साल के संघर्ष के बाद एसटी का दर्जा हासिल हो सका है।

अन्य पार्टियों ने केवल उनके वोट लिए लेकिन कभी भी उनसे किए गए वायदे को पूरा नहीं किया। हम हमेशा भाजपा के साथ विश्वास के साथ जुड़े रहेंगे क्योंकि उन्होंने मांगों को पूरा किया है। पूर्व सरपंच राथर मेहराज ने कहा कि उन्होंने जमीनी हालात की जानकारी दी। साथ ही जल्द पंचायत चुनाव कराने की भी बात की।

Back to top button