आईफा के लिए जयपुर तैयार, राजस्थान को जल्द मिलेगी नई फिल्म पर्यटन नीति

राजस्थान में इस साल कई बड़े इवेंट होने जा रहे हैं, जो पयर्टन के लिहाज से प्रदेश को दुनिया के नक्शे पर ला देंगे। इनमें सीतापुरा स्थित जेईसीसी में इसी साल 8 व 9 मार्च को होने जा रहे इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवार्ड समारोह भी शामिल है। इसके लिए जल्द ही प्रदेश की नई पर्यटन नीति लाने की तैयारी है।

राजस्थान की भजनलाल सरकार नई पर्यटन नीति को लेकर तेजी से काम कर रही है। संभवत: 19 फरवरी को पेश होने वाले बजट में इस पॉलिसी का एलान होगा। यह नई नीति ऐसे वक्त में आ रही है, जब जयपुर में 8 व 9 मार्च को इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवार्ड समारोह भी होने जा रहा है। ऐसे में इस पर्यटन नीति में प्रदेश को शूटिंग डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित करने जैसे बड़े एलान भी होने हैं।

पर्यटन सचिव रवि जैन ने बताया कि राजस्थान पर्यटन विभाग के अधिकारियों की ओर से दूसरे राज्यों की फिल्म पॉलिसी का अध्ययन किया जा रहा है। उन नीतियों को ध्यान में रखते हुए राजस्थान की फिल्म पॉलिसी को लागू किया जाएगा। फिल्म टूरिज्म पॉलिसी आने से राजस्थान में फिल्म इंडस्ट्री को बूस्ट मिलेगा।

रवि जैन ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बॉलीवुड, हॉलीवुड के बड़े प्रोडक्शन हाउस को राजस्थान में फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षित करना है। इसके लिए राजस्थान की फिल्म पॉलिसी को अधिक आकर्षक और लुभावना बनाने की योजना है, ताकि दुनिया के बड़े फिल्म निर्माता यहां फिल्म शूट करने के लिए प्रेरित हो।

इसमें होम स्टे जैसी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कम ब्याज दरों पर ऋण सुविधाएं भी दी जा सकती है। खास तौर पर राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह काफी फायदे का सौदा हो सकती है। हाल में केंद्र सरकार की ओर से पेश किए गए बजट में देश के 50 बड़े पर्यटन स्थलों को भी राज्य सरकार के साथ मिलकर विकसित करने का एलान किया गया है। इसमें राजस्थान के भी कई पर्यटन स्थल शामिल किए जाने हैं।
इसके अलावा राजस्थान की पर्यटन नीति में निजी क्षेत्र के खिलाड़ियों के सहयोग से चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा दिए जाने के प्रावधान भी देखने को मिल सकते हैं। इसके लिए केंद्र सरकार के स्तर पर भी सहायता मिल सकती है।

IIFA का मंच राजस्थान के रंग में
जानकारी के मुताबिक जेईसीसी में आयोजित होने जा रहे IIFA फिल्म फेयर फेस्टिवल का मंच राजस्थान के रंग में रंगा नजर आएगा। आवार्ड सरेमनी के लिए स्टेज को राजस्थान की कला और संस्कृति की थीम ही तैयार किया जाएगा।

राजस्थान में पर्यटन पर एक नजर
प्रदेश की कुल जीडीपी का 12 प्रतिशत योगदान पर्यटन के क्षेत्र से आता है। अस्थाई रूप से यह रोजगार उपलब्ध करवाने वाला सबसे बड़ा सेक्टर कहा जा सकता है। राजस्थान में पर्यटकों की बढ़ती संख्या राजस्थान का पर्यटन क्षेत्र लगातार बढ़ता जा रहा है। साल 2022 में 10.87 करोड़ से अधिक पर्यटक आए थे, जबकि 2023 में यह संख्या बढ़कर 18.07 करोड़ हो गया। वहीं 2024 में यह आंकड़ा 23 करोड़ 21 लाख से ऊपर पहुंच गया।

Back to top button