जयपुर: छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर बिड़ला सभागार में भव्य आयोजन

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में शहर के बिड़ला सभागार में एक भव्य आयोजन किया गया। समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि शिवाजी जैसे वीरों की वजह से हमारी संस्कृति और स्वाभिमान बचा रहा।

बिड़ला सभागार में बुधवार को भव्य रूप से राष्ट्रीय शिव जन्मोत्सव 2025 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शिवाजी महाराज को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल नीति और न्याय पर आधारित शासन किया, बल्कि प्रजा हित में कर प्रणाली को सरल बनाकर खेती और राष्ट्र की समृद्धि के लिए कार्य किया।

राज्यपाल ने शिवाजी महाराज की वीरता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मुगलों के अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष किया और राष्ट्र स्वाभिमान की रक्षा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति पर समय-समय पर आक्रमण हुए, लेकिन शिवाजी जैसे वीरों की वजह से हमारी संस्कृति और स्वाभिमान बचा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा प्रणाली में सुधार कर युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है।

शिवाजी जयंती के उपलक्ष्य में शहर में शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। जयंती उत्सव समिति के अध्यक्ष सुशील जाधव ने बताया कि शोभायात्रा में शिवाजी महाराज की भव्य मूर्ति आकर्षण का केंद्र रही, जिसे विशेष रूप से सजे हुए रथ पर रखा गया था। यह शोभायात्रा बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया गेट, न्यू गेट, घोड़ा चौक, एमजीडी स्कूल, भगवानदास रोड होते हुए बिड़ला ऑडिटोरियम पहुंची। मार्ग को भगवा ध्वजों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।

आयोजन के दौरान समाजसेवा और राष्ट्रहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों, जनसेवकों और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने सभी से आह्वान किया कि वे राष्ट्रभक्ति और समाज कल्याण के लिए कार्य करें और आने वाली पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराएं।

Back to top button