होली पर यूपी से लेकर पंजाब-हरियाणा में होगी बारिश… कहीं हवा, तो कहीं गर्मी का अलर्ट

दिल्ली NCR सहित पूरे उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है। अभी कुछ दिनों पहले तक दिल्ली NCR में तेज ठंडी हवाएं चल रही थीं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से हवाएं कम हो गई हैं, जिस वजह से मौसम गर्म होने लगा है। IMD ने मौसम को लेकर लेटेस्ट अपडेट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अब यहीं तापमान आज बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसी के साथ न्यूनतम तापमान भी 13 डिग्री से बढ़कर 15 डिग्री रहने की संभावना है।

पंजाब हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, आज रविवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तरी उत्तर प्रदेश, उत्तरी बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में कई स्थानों पर 25 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से हिमाचल प्रदेश के मौसम में असर पड़ने वाला है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिन बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।आज, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल स्पीति चंबा के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट के आसार हैं।

दिल्ली में होली पर बारिश
9 से 14 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट से लेकर तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 14 मार्च के दौरान पंजाब में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
इसके अलावा हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में 13 और 14 मार्च को बारिश का अनुमान है।
होली वाले दिन पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल आज प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है।

राजस्थान में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस
राजस्थान में तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। शनिवार को सबसे गर्म शहर बाड़मेर रहा। जहां का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं संगरिया में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री रहा। प्रदेश में आगामी सप्ताह में भी मौसम शुष्क बने रहे की संभावना है।

Back to top button