बेहद गुप्त है यह नवरात्र, व्रत करने से मिलेंगे चमत्कारी लाभ

आषाढ़ मास में पड़ने वाली गुप्त नवरात्र का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान मां दुर्गा की 10 महाविद्याओं की पूजा होती है। इस साल इस महापर्व की शुरुआत 6 जुलाई, दिन शनिवार को यानी आज से हुई है। वहीं, इसका समापन 15 जुलाई को होगा।
यह नौ दिवसीय त्योहार (Gupt Navratri 2024) तंत्र और मंत्र के लिए विशेष महत्व रखता है, तो आइए इस व्रत को करने से क्या लाभ मिलते हैं, उसके बारे में जानते हैं –
बेहद गुप्त है यह नवरात्र
माना जाता है कि बाकी नवरात्र की तुलना में ये बहुत गुप्त मानी जाती है। भक्त इस दौरान 10 महाविद्याओं को प्रसन्न करने के लिए उपवास रखते हैं और विभिन्न प्रकार के पूजा अनुष्ठान करते हैं। यह आध्यात्मिक अभ्यास और गुप्त ज्ञान प्राप्त करने के लिए बेहद शुभ समय माना जाता है, जो लोग तंत्र विद्या में सिद्धि प्राप्त करने की कामना रखते हैं, उनके लिए यह समय काफी लाभकारी माना जाता है।
व्रत के लाभ
ऐसी मान्यता है कि गुप्त नवरात्र के दौरान व्रत रखने से कई आध्यात्मिक और भौतिक लाभ मिलते हैं।
इससे साधक का मन और शरीर शुद्ध होता है।
इस उपवास को करने से मानसिक शांति, गहन ध्यान और साधना में सहायता मिलती है।
इसका व्रत का सच्ची भक्ति के साथ पालन करने से सुरक्षा, समृद्धि और सफलता की प्राप्ति होती है।
इस व्रत के प्रभाव से व्यक्ति का जीवन कल्याण की ओर अग्रसर होता है।
जीवन में आनी वाली सभी बाधाएं दूर होती हैं।
व्रती के ऊपर मां दुर्गा का आशीर्वाद सदैव के लिए बना रहता है।
देवी दुर्गा के मंत्र
ॐ जयन्ती मंगला काली भद्रकाली कपालिनी।
दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तुते।।