IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स नया मालिक पाकर बन जाएगी सबसे महंगी फ्रेंचाइजी

आईपीएल की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल के 19वें सीजन से पहले नया मालिक मिल गया है। भारत में जन्मे अमेरिका के बिजनेसमैन काल सोमानी की लीडरशिप वाले ग्रुप ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी को खरीद लिया है। पता चला है कि कंसोर्टियम ने आरआर टीम पर 1.63 बिलियन डॉलर यानी 15,282 करोड़ रुपये की बिक्री फाइनल हो गई है।
इस डील के साथ ही राजस्थान रॉयल्स आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बनने वाली है। ये पहली बार है जब कोई आईपीएल टीम 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा की कीमत पर बिकी है।
कौन हैं RR के नए मालिक?
काल सोमानी, राजस्थान रॉयल्स के नए मालिक हैं। काल सोमानी टेक्नोलॉजी और इंवेस्टमेंट जगत का बड़ा नाम हैं और उन्होंने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, AI गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक जैसे क्षेत्रों में कई वैश्विक कंपनियां खड़ी की हैं। बता दें कि सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स में अल्पसंख्यक हिस्सेदार थे।
24 गुना ज्यादा में बिकी फ्रेंचाइजी
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, सोमानी को वॉलमार्ट परिवार के अमेरिकी कारोबारी रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार का सपोर्ट है। ये डील आगामी आईपीएल 2026 सीजन के बाद लागू होगा।
ये आईपीएल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ी डील है। पिछले साल टॉरेंट ग्रुप ने सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स से गुजरात टाइटंस में 67% बहुमत हिस्सेदारी लगभग 5,025 करोड़ रुपये में हासिल की थी, जिससे फ्रेंचाइजी का मूल्य लगभग 7,500 करोड़ रुपये हो गया।
बता दें कि राजस्थान रॉयल्स को पिछले कई सालों से भारतीय मूल के ब्रिटिश उद्योगपति मनोज बदाले और अन्य कारोबारी मिलकर चला रहे थे।
राजस्थान रॉयल्स को 2008 में जब खरीदा गया था तब उसकी कीमत सिर्फ 67 मिलियन डॉलर थी, जो उस समय लगभग 260-270 करोड़ के आसपास बैठती थी। उसी 67 मिलियन डॉलर को आज की वैल्यू में देखा जाए, तो ये करीब 628 करोड़ रुपये बनता है।
वहीं, 2026 में यही फ्रेंचाइजी करीब 1.63 बिलियन डॉलर (लगभग 15,289 करोड़ रुपये) में बिकी है। यानी, 2008 की तुलना में आज राजस्थान रॉयल्स की कीमत में करीब 24 गुना का उछाल आया है।





