IPL 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं Pat Cummins

सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्‍तान पैट कमिंस पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और अब तक यह स्‍पष्‍ट नहीं हुआ है कि वो आईपीएल 2026 में कब टीम से जुड़ेंगे। कमिंस की जगह भारतीय स्‍टार ईशान किशन एसआरएच की कमान संभालते हुए नजर आ सकते हैं।

पैट कमिंस ने चोट के कारण एशेज सीरीज के कई मैचों से किनारा किया और वो टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 से भी बाहर रहे। टाइम्‍स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सनराइजर्स हैदराबाद आगामी सीजन में कप्‍तानी ईशान किशन को सौंप सकती है। अभिषेक शर्मा टीम के उप-कप्‍तान बनाए जा सकते हैं।

बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को आरसीबी के खिलाफ मैच खेलकर करेगी। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडियम पर खेला जाएगा।

ईशान किशन की कप्‍तानी
एसआरएच प्रबंधन यह फैसला ईशान किशन के कप्‍तानी अनुभव को देखते हुए ले सकता है। किशन ने हाल ही में झारखंड को अपनी कप्‍तानी में सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी का चैंपियन बनाया था। इस दौरान किशन ने बल्‍ले से भी धमाकेदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा किशन के पास भारतीय अंडर-19 टीम की कप्‍तानी का अनुभव भी मौजूद है। वो अंडर-19 वर्ल्‍ड कप में भारतीय टीम की कमान संभाल चुके हैं।

किशन पिछले कुछ समय से जानदार फॉर्म में हैं और कप्‍तानी की रेस में सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। ऑस्‍ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जब स्‍क्‍वाड से जुड़ेंगे तो कप्‍तानी की जिम्‍मेदारी अपने कंधों पर ले सकते हैं। एसआरएच की कोशिश 2016 के बाद पहली बार आईपीएल चैंपियन बनने की होगी।

किशन का आईपीएल में प्रदर्शन
ईशान किशन का आईपीएल में प्रदर्शन शानदार हैं। उन्‍होंने अब तक तीन फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्‍व किया है। 119 मैचों में बाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 29.10 की औसत और 137.64 के स्‍ट्राइक रेट से 2998 रन बनाए। इस दौरान किशन ने 1 शतक और 17 अर्धशतक जमाए। विकेट के पीछे उन्‍होंने 59 कैच पकड़े और पांच स्‍टंपिंग की।

2025 में सनराइजर्स हैदराबाद ने नीलामी में किशन को 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा। भारतीय बल्‍लेबाज ने 14 मैचों में 152.58 के स्‍ट्राइक रेट से 354 रन ठोके, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। उन्‍होंने बेहद आक्रामक अंदाज दिखाकर अपनी उपयोगिता साबित की।

Back to top button