IPL 2026 से पहले विराट कोहली के दोस्त ने अभिषेक शर्मा को दी खास सलाह

टी20 विश्व कप 2026 में उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बाद अब भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। 28 मार्च से आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज हो रहा है। पहले ही मैच अभिषेक की सनराइजर्स हैदराबाद का सामना गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मुकाबला बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
3 मैच में नहीं खुला खाता
बाएं हाथ के अभिषेक शर्मा ने पिछले सीजन कमाल की बल्लेबाजी की थी। वहीं बात करें तो हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप की अभिषेक ने इसकी शुरुआत शर्मनाक अंदाज में की। पहले 3 मुकाबलों में तो उनका खाता ही नहीं खुला। हालांकि, इसके बाद उनकी बल्लेबाजी पटरी पर लौटी और उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए। फाइनल में उनकी फिफ्टी ने भारत की जीत में अहम योगदान दिया। अभिषेक टूर्नामेंट की 8 पारियों में हालांकि, 141 रन ही बना पाए थे।
डिविलियर्स ने दी सलाह
अभिषेक शर्मा इन दिनों आईपीएल 2026 की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स ने भारतीय स्टार को एक सलाह दी है। एबी डिविलियर्स ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत में कहा, “दबाव से घबराओ मत। बल्कि, इसे अपनाओ और इसका आनंद लो। नेट पर वापस जाओ और फिर से वही बच्चा बनो, जिसे खेल से प्यार है और जिसके लिए जुनून है, ताकि तुम अपने बारे में नई बातें जान सको। अगर उसकी यही सोच है, तो वह बिल्कुल ठीक रहेगा।”
कोहली का उदाहरण दिया
एबी डिविलियर्स ने इसके लिए विराट कोहली का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “जब आप बाहरी दबाव महसूस कर रहे हों, तो आपको बस अपने खेल पर काम करते रहना चाहिए। मैंने विराट में इतने सालों में यही एक बात देखी है। वह लगातार अपने खेल का एनालिसिस करते थे और अभिषेक भी आज उसी स्तर पर हैं।”
रैंकिंग में टॉप पर अभिषेक
टी20 विश्व कप 2026 में औसत से कम प्रदर्शन के बावजूद अभिषेक आईसीसी टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप पर हैं। 19 मार्च को जारी रैंकिग के अनुसार, बाएं हाथ का बैटर 875 अंकों के साथ टॉप पर था। दूसरे स्थान पर ईशान किशन हैं। पिछले आईपीएल सीजन में अभिषेक ने 33.77 के औसत और 193.39 के स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए। यह आईपीएल के एक सीजन में उनका दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए थे।





