IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स को लगा तगड़ा झटका

आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा, जहां राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने अभियान की शुरूआत 30 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ करेगा। हालांकि, सीजन के शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स को तगड़ा झटका लग सकता है।
चेन्नई सुपरकिंग्स से इस सीजन से पहले ट्रेड किए गए इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ग्रोइन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक सैम करन के पूरे सीजन से बाहर होने की उम्मीद है।
करन का होना था डेब्यू
सैम करन ने अपना आखिरी मैच 5 मार्च को भारत के खिलाफ खेला था। दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल मैच खेला गया था। भारत ने इस मैच में इंग्लैंड को 7 रन से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया और फिर खिताब जीता। करन को आगामी सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू करना था।
याद दिला दें कि राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन और रवींद्र जडेजा को चेन्नई सुपरकिंग्स से ट्रेड किया था। करन की गैरमौजूदगी से रॉयल्स को ऑलराउंडर की कमी खलेगी। आरआर के पास रवींद्र जडेजा और डोनोवान फरेरा के रूप में दो ऑलराउंडर रहेंगे। फरेरा को रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स से उनकी बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था।
रिप्लेसमेंट की तलाश
बता दें कि राजस्थान रॉयल्स को अब सैम करन का रिप्लेसमेंट खोजना होगा। वैसे, करन ने पंजाब किंग्स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद उन्होंने सीएसके का भी प्रतिनिधित्व किया। इस साल वो राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने। पिछले साल सीएसके के लिए खेलते हुए करन ने 114 रन बनाए और पांच मैचों में एक विकेट झटका।
करन का करियर
महत्वपूर्ण बात जानने वाली है कि सैम करन ने आईपीएल में छह सीजन में हिस्सा लिया और कुल 997 रन बनाए व 59 विकेट चटकाए। वो 2021 में खिताब जीतने वाली सीएसके का हिस्सा भी थे। बहरहाल, राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरूआत 30 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला गुवाहाटी में खेला जाएगा। रियान पराग राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
राजस्थान रॉयल्स का कार्यक्रम
30 मार्च 2026 – राजस्थान बनाम चेन्नई, गुवाहाटी
4 अप्रैल 2026 – राजस्थान बनाम गुजराज, अहमदाबाद
7 अप्रैल 2026 – राजस्थान बनाम मुंबई, गुवाहाटी
10 अप्रैल 2026 – राजस्थान बनाम बेंगलुरु, गुवाहाटी





