IPL 2020 : CSK फैंस के लिए खुशखबरी, सभी खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट आए निगेटिव

दुबई। IPL 2020 टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के सभी सदस्यों के दो अतिरिक्त कोरोना टेस्टों में से सोमवार को किये पहले टेस्ट के नतीजे नेगेटिव आये हैं और टीम चार सितम्बर से अपना अभ्यास शुरू कर सकती है। आईपीएल का 13 वां संस्करण यूएई में 19 सितम्बर से शुरू होना है।
चेन्नई टीम के दो खिलाड़ियों सहित 13 सदस्य हाल में पॉजिटिव पाए गए थे और उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। टीम का शुक्रवार से शुरू होने वाला अभ्यास शिविर एक सितम्बर तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। IPL 2020 की अन्य सभी टीमें अपना अभ्यास शुरू कर चुकी हैं और केवल चेन्नई का अभ्यास शुरू नहीं हुआ है। वैसे टूर्नामेंट में 18 दिन शेष रहते इसक कार्यक्रम भी अभी घोषित नहीं हुआ है।
सोमवार को किये गए टीम के सभी सदस्यों के दो अतिरिक्त टेस्टों में पहले टेस्ट का मंगलवार सुबह नतीजा नेगेटिव आया है। दूसरा टेस्ट तीन सितम्बर को होगा। जो खिलाड़ी और सदस्य पहले पॉजिटिव पाए गए थे वे ताजा टेस्टों का हिस्सा नहीं थे। पहले पॉजिटिव पाए गए 13 सदस्यों को दो सप्ताह के अनिवार्य क्वारंटीन से गुजरने के बाद दो टेस्ट से गुजरना होगा और दोनों टेस्ट का परिणाम नेगेटिव आने के बाद ही उन्हें टीम से जुड़ने की अनुमति दी जायेगी।
चेन्नई सुपरकिंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा कि टीम चार सितम्बर से अपना अभ्यास शुरू करने जा रही है और टीम का एक और टेस्ट तीन सितम्बर को होगा। विश्वनाथन ने कहा कि चेन्नई एकमात्र ऐसी टीम है जिसके नतीजे पॉजिटिव आये हैं जिससे आईपीएल ने टेस्टों की संख्या बढ़ाकर पांच कर दी है जो अन्य सात टीमों के टेस्टों की संख्या से दो ज्यादा है।
IPL 2020 के कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार सभी टीम के खिलाड़ियों को यूएई पहुंचने के तुरंत बाद हवाई अड्डे पर ही कोरोना वायरस की जांच करानी होती है। इसके बाद खिलाड़ियों को होटल में छह-दिनों की अनिवार्य क्वारंटीन अवधि के दौरान पहले, तीसरे और पांचवें दिन भी कोरोना वायरस की जांच करानी होती है। इन तीनों जांच की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की अनुमति दी जाती है।
विश्वनाथन ने बताया कि जिन दो खिलाड़ियों का टेस्ट पॉजिटिव आया था वे आईपीएल की अनिवार्य टेस्टिंग प्रक्रिया पास करने के बाद ही ट्रेनिंग शुरू कर पाएंगे। उन्होंने साथ ही कहा कि यदि कार्यक्रम के अनुसार उन्हें कहा जाता है तो सुपरकिंग्स 19 सितम्बर को टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच खेलने को तैयार है।
The post IPL 2020 : CSK फैंस के लिए खुशखबरी, सभी खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट आए निगेटिव appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





