विधायक के सरकारी फ्लैट में पानी की अवैध सप्लाई

जब टीम यहां पर कार्रवाई करने के लिए गई तो एक और सरकारी फ्लैट नंबर-2 का कनेक्शन भी अवैध तौर पर जोड़ा हुआ मिला, जिसका भी कनेक्शन काट दिया गया। नगर निगम के अनुसार यह फ्लैट अभी किसी को अलाट नहीं हुआ है। वेरका अमृतसर वेस्ट से विधायक हैं।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सुरेश गिल टीम के साथ कनेक्शन काटने के लिए पहुंचे तो वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घर के अंदर जाने से रोका, लेकिन गिल के चेतावनी देेने के बाद उन्हें पिछली तरफ से जाने दिया गया। नगर निगम के अनुसार वेरका को यह फ्लैट मार्च माह से अलाट है, तब से लेकर बिना मंजूरी के पानी की सप्लाई यहां पर हो रही थी। बिना मीटर के साथ डायरेक्ट कनेक्शन जुड़ा हुआ था।
क्या कहते हैं विधायक
अभी मकान का पजेशन नहीं मिला है। पहले उनका सरकारी मकान दिल्ली में था। दिल्ली का सामान सेक्टर-3 में अलाट फ्लैट नंबर-1 में रखवाया है। फ्लैट की रेनोवेशन चल रही है। पानी के कनेक्शन की कोई जानकारी नहीं है। 15 दिन पहले ही बिजली के मीटर के लिए आवेदन किया है। फ्लैट में जुड़े पानी के कनेक्शन से कोई लेना-देना नहीं है। अलाट होने से पहले से ही यह कनेक्शन जुड़ा था। 20 दिन पहले ही मकान अलाट हुआ है।
-राजकुमार वेरका, विधायक
सेक्टर-3 में पंजाब सरकार के दो एमएलए फ्लैट्स में पानी का अवैध कनेक्शन लगा हुआ, था जिसे काटा गया है।
-सुरेश कुमार गिल, कार्यकारी अभियंता
बिना सोया के बन रही चाप, बिक रही बाजार में
जनस्वास्थ्य विभाग की टीम मलोया में सर्विस स्टेशन पर लगे पानी के कनेक्शन को देखने के लिए गई तो लाल डोरे के बाहर बने एक मकान में जा रहे पाइप को चेक किया। इस घर ने भी पानी का अवैध कनेक्शन जोड़ा हुआ था। जब टीम ने मकान के अंदर चेक किया तो आटा-मैदा से चाप बन रही थी, लेकिन सोया नाम की कोई चीज नहीं थी।
यही सोया चाप के नाम से बाजारों में बिक रहा है। इस घर में लगा पानी का कनेक्शन भी काट दिया गया है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सर्विस स्टेशन को चेतावनी दी है कि वह अपने प्रयोग किए हुए पानी के लिए अलग से सीवरेज का कनेक्शन लें। सर्विस स्टेशन में इस्तेमाल पानी नगर निगम के बरसाती नाले में डाला जा रहा था।
एक अखबार कार्यालय का भी कटा कनेक्शन
नगर निगम ने एक अखबार के कार्यालय का भी पानी का कनेक्शन काटा है। नगर निगम के अनुसार इस अखबार के कार्यालय पर 98 हजार रुपये का पानी का बिल बकाया है, जो कि नोटिस देने के बावजूद नहीं जमा करवाया जा रहा था, जिस कारण कनेक्शन काट दिया गया है।





