उत्तर की जगह भोजपुरी गाना, वायरल हुई यूपी के लड़के की बवालिया आंसर शीट!

हर स्कूल-कॉलेज में अलग-अलग किस्म के छात्र होते हैं. कुछ छात्रों का मन पढ़ाई में इतना लगता है कि वो कम में ही ज्यादा समझ लेते हैं तो वहीं कुछ ऐसे छात्र भी होते हैं, जिन्होंने मानो न सुधरने की कसम खाई हुई होती है. कितनी भी कोशिश कर ले कोई, वो परीक्षा के दौरान कुछ ऐसा कांड ज़रूर कर देते हैं कि उनके चर्चे हो जाएं. एक ऐसे ही स्टूडेंट की आंसर शीट इस वक्त वायरल हो रही है.
सोशल मीडिया पर यूं तो बहुत कुछ मिलता है, लेकिन कुछ चीज़ें गजब की होती हैं. एक ऐसे ही छात्र की आंसर शीट इस वक्त वायरल हो रही है, जिसको पढ़ाने वाले टीचर ने भी अपना सिर पीट लिया होगा. आप भी इसकी उत्तर पुस्तिका को ध्यान से देखेंगे, तो अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे क्योंकि छात्र के सिर पर वैलेंटाइन डे का पूरा रंग चढ़ा हुआ है.
आंसर शीट में लिखा भोजपुरी गाना
वायरल हो रही आंसर शीट पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा हुआ है कि ये उत्तर प्रदेश के कुशीनगर ज़िले के बुद्ध इंटरमीडिएट कॉलेज की शीट है. शीट पर लड़के ने अपने नाम की जगह जानेमन लिखा है और रोल नंबर की जगह लिख रखा है – आई लव यू. विषय के तौर पर उसने भोजपुरी गाने का मुखड़ा – ‘एगो बात बताई’ लिखा है. कुल मिलाकर लड़का पूरे मस्खरी के मूड में लग रहा है, जिसने आगे उत्तर के तौर पर पूरा भोजपुरी गाना ही लिख डाला है.
लोग बोले- ‘बेटा तू तो गया’
इस आंसर शीट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर royal_deepak_goswami_7177_king नाम के अकाउंट से 6 दिन पहले शेयर किया गया है. इसे अब तक 16 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं, जबकि 36 हज़ार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है. इतना ही नहीं लोगों ने इस पर दिलचस्प कमेंट भी किए हैं. कुछ यूज़र्स ने लिखा – इसका फेल होना तय है तो कुछ यूज़र्स का कहना था कि लड़के की हिम्मत है कि ऐसा पेपर में लिख आया.





