मध्य प्रदेश पंहुचा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, पढ़े पूरी ख़बर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में दाखिल हो गई है। भारत जोड़ो यात्रा का काफिला महाराष्ट्र में जलगांव जामोद से बुधवार को सुबह छह बजे जसौंधी गांव से होते हुए मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव पहुंचा। मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से यात्रा के आगमन और राहुल गांधी स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ समेत सूबे के तमाम दिग्गज नेता राहुल के स्वागत के लिए बुरहानपुर में उपस्थित थे। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा की शुरुआत में विपक्ष के लोगों ने सवाल उठाए थे लेकिन मैं उनको बता देना चाहता हूं कि तिरंगा तो श्रीनगर में फहराएंगे ही। 

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस हिंदुस्तान में तीन से चार अरबपतियों के हाथ में सारी इंडस्ट्री हैं। पोर्ट, हवाई अड्डे, सड़कें, टेलीकॉम और रेलवे उनके हाथ में जा रही हैं। ऐसा हिंदुस्तान हमें नहीं चाहिए। यह अन्याय का हिंदुस्तान है। हमारी यह यात्रा हिंदुस्तान में फैलाए जा रहे नफरत, हिंसा और डर के खिलाफ है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के युवाओं और बच्चों का सपना मौजूदा परिस्थितियों में पूरा नहीं हो सकता है? मैं 70 दिनों से चल रहा हूं। मैं हर प्रदेश में बच्चों और युवाओं से मिला हूं। शिक्षा प्राइवेट हाथों में चली गई है। हम ऐसा हिंदुस्तान नहीं चाहते हैं जहां डर और बेरोजगारी हो। 

राज्य कांग्रेस की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश में यात्रा के पहुंचने पर राहुल गांधी का तिलक लगाकर पारंपरिक स्वागत किया गया। पैदल मार्च में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर बोदरली पहुंचे। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने मध्य प्रदेश में 12 दिवसीय यात्रा की औपचारिक शुरुआत करने के लिए मध्य प्रदेश के पार्टी प्रमुख कमलनाथ को तिरंगा सौंपा। राजस्थान में प्रवेश करने से पहले यह यात्रा मध्य प्रदेश में 380 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। राहुल ने कहा कि भाजपा पहले लोगों के मन में डर पैदा करती है और बाद में उसे हिंसा में बदल देती है।

भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के जमावड़े को देखते हुए राज्य सरकार ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। राहुल गांधी की यात्रा की सुरक्षा का जिम्मा खुद डीआइजी तिलक सिंह संभालेंगे। सुरक्षा ड्यूटी में 500 जवानों को तैनात किया गया है। यात्रा के साथ तीन एडिशनल एसपी, 16 डीएसपी, 64 इंस्पेक्टर, एसआई भी सुरक्षा में मुस्तैद हैं। स्थानीय बल यात्रा में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजामों की व्यवस्था संभाल रहा है। सनद रहे कांग्रेस नेताओं की ओर से सुरक्षा को लेकर जाहिर की गई चिंताओं को देखते हुए राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भरोसा दिया था कि राज्य सरकार खुद सुरक्षा का जिम्मेदारी संभालेगी।  

Back to top button