स्वतंत्रता दिवस: महिला थाने में फहराया गया उल्टा राष्ट्र ध्वज, वीडियो वायरल

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महिला थाने में उल्टा राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया गया। इसका वीडियो वायरल होते ही थानाध्यक्ष ने झंडा सीधा कराया और सैल्यूट करते हुए फोटो अधिकारियों को भेज दी। एएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

महिला थाने में सुबह 8:00 बजे ध्वजारोहण किया गया। झंडा उल्टा होने की बात महिला आरक्षी ने बताई पर इस ओर थानाध्यक्ष का ध्यान नहीं गया। पहले झंडा उल्टा फहरा दिया गया। झंडारोहण के दौरान मौजूद लोगों ने जब वीडियो बनाना शुरू किया तो थानाध्यक्ष उमा अग्रवाल उनके पास पहुंची और उन्हें रोका। आरोप तो ये भी लगे कि उन्होंने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। माहौल बिगड़ता देख आनन फानन झंडा सीधा करके फहराया गया। थानाध्यक्ष ने राष्ट्रध्वज को सैल्यूट करते हुए फोटो खिंचाई और पुलिस अधीक्षक को भेज दी। इस बीच उल्टा झंडा फहराया जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। उच्च अधिकारियों ने इस संबंध में थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है। एसओ उमा अग्रवाल का कहना है कि पहले झंडा उल्टा लग गया था, जिसे तुरंत सीधा करा कर फहराया गया। किसी के साथ गलत बर्ताव नहीं किया गया। कुछ लोग वीडियो बना रहे थे, उन्हें टोका गया। मामले को बिना वजह तूल दिया जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया की महिला थाने में उल्टा झंडा फहराए जाने का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

फिर विवादों में घिरी थानाध्यक्ष: मिल एरिया थाने में तैनाती के दौरान दारोगा उमा अग्रवाल की कार्यशैली सवालों के घेरे में रही। तत्कालीन कप्तान के पास उनकी कई शिकायतें आई, जिसके बाद उनका तबादला दूसरे थाने में कर दिया गया था। कुछ महीने पहले ही उन्हें महिला थाने की जिम्मेदारी दी गई। यहां भी फरियादियों से अभद्रता करने के कई प्रकरण कप्तान ऑफिस पहुंच चुके हैं।

Back to top button