IND vs BAN: 177 रन पर ऑल आउट हुई टीम इंडिया, बांग्लादेश को मिला 178 का टारगेट

भारत और बांग्लादेश की युवा टीमों के बीच ICC अंडर 19 वर्ल्ड कप 2020 का फाइनल मैच खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश टीम के कप्तान अकबर अली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी बांग्लादेश के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह से लड़खड़ा गई और पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। टीम इंडिया के बल्लेबाज 47.2 ओवर में 177 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत की तरफ से यशस्वी जयसवाल ने 88 रन की पारी खेली। बांग्लादेश को जीत के लिए 178 रन बनाने हैं।

भारतीय पारी, यशस्वी का अर्धशतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। भारत ने पहला विकेट दबाव के चलते खो दिया। दिव्यांश सक्सेना 17 गेंदों में 2 रन बनाकर अविषेक दास की गेंद पर हसन के हाथों कैच आउट हो गए। भारत को पहला झटका 9 रन के कुल स्कोर पर लगा, लेकिन इसके बाद यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और स्कोर को 100 के पार ले गए।
जायसवाल ने इस वर्ल्ड कप का अपना 5वां अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, तिलक वर्मा 38 रन के निजी स्कोर पर हसन साकिब की गेंद पर शोरिफुल इस्लाम के हाथों कैच आउट हो गए। भारत को तीसरा झटका कप्तान प्रियम गर्ग के रूप में लगा जो 7 रन के निजी स्कोर पर रकीबुल हसन की गेंद पर साकिब के हाथों कैच आउट हुए। चौथा झटका भारत को यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा जो 88 रन के निजी स्कोर पर शोरिफुल इस्लाम के शिकार बने।
यह भी पढ़ें: Ind vs BAN: एक ही ओवर में बैकफुट पर टीम इंडिया, आधी टीम पवेलियन
भारत का पांचवां विकेट सिद्धेश वीर के रूप में गिरा जो शोरिफुल इस्लाम की पहली ही गेंद पर lbw आउट हो गए। टीम को छठा झटका ध्रुव जुरेल के रूप में लगा जो 22 रन बनाकर रन आउट हो गए। 7वां विकेट भी रन आउट के रूप में गिरा जब रवि बिश्नोई 2 रन बनाकर आउट हुए। भारत का आठवां विकेट रवि बिश्नोई के तौर पर गिरा और वो दो रन बनाकर रन आउट हो गए। कार्तिक त्यागी बिना खाता खोले ही अविषेक दास की गेंद पर कैच आउट हुए। भारत का आखिरी विकेट सुशांत मिश्रा के तौर पर गिरा जो सिर्फ तीन रन बनाकर कैच आउट हो गए।
बांग्लादेश की तरफ से पहली पारी में अविषेक दास ने तीन जबकि तंजीम हसन और शोरीफुल इस्लाम ने दो-दो वहीं रकिबुल हसन ने एक सफलता हासिल की।
टीम इंडिया ने नहीं किया कोई बदलाव
इस हाईवोल्टेज मुकाबले के लिए बांग्लादेश की टीम में एक बदलाव किया गया। वहीं, भारतीय टीम प्रियम गर्ग की कप्तानी में बिना किसी बदलाव के उतरी। बांग्लादेश ने हसन मुराद की जगह अविषेक दास को प्लेइंग इलेवन में जगह दी। वहीं, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टरफाइनल और फिर पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में जिस प्लेइंग के साथ मैच जीता ।
भारत की प्लेइंग इलेवन
प्रियम गर्ग(कप्तान), कार्तिक त्यागी, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, दिव्यांश सक्सेना, रवि बिश्नोई, ध्रुव जुरेल(विकेटकीपर), सिद्देश वीर, आकाश सिंह, अथर्व अंकोलेकर और सुशांत मिश्रा।
बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन
तोवहिड ह्रदोय, शोरिफुल इस्लाम, तनजिद हसन, रकीबुल हसन, शाहदत हुसैन, अकबर अली(कप्तान और विकेटकीपर), महमुदुल हसन जॉय, परवेज हुसैन, तंजिम हसन शाकिब और अविषेक दास।
भारतीय टीम जहां पांचवीं बार विश्व विजेता बनना चाहेगी। वहीं, बांग्लादेश की टीम को अपने पहले खिताब के लिए लड़ते देखा जाएगा। इससे पहले कभी भी बांग्लादेश की टीम वर्ल्ड कप के फाइनल में नहीं पहुंची है। भारतीय टीम ने साल 2000 में मोहम्मद कैफी की कप्तानी में, साल 2008 में विराट कोहली की कप्तानी में, साल 2012 में उनमुक्त चंद की कप्तानी में और साल 2018 में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में अंडर 19 वर्ल्ड कप जीता है।





