मिडिल ईस्ट में बढ़ रहा तनाव…

हमास प्रमुख इस्माइल हानिया की पिछले सप्ताह तेहरान में हत्या के बाद क्षेत्रीय संघर्ष बढ़ने की आशंकाओं के बीच बुधवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रां से कहा कि ईरान आक्रामकता पर चुप नहीं रहेगा।
पेजेश्कियान ने एक फोन कॉल में मैक्रां से कहा कि अगर अमेरिका और पश्चिमी देश वास्तव में क्षेत्र में युद्ध रोकना चाहते हैं, तो उन्हें इजरायल को गाजा में नरसंहार और हमलों को रोकने और युद्धविराम स्वीकार करने के लिए मजबूर करना होगा।
सऊदी अरब में इस्लामिक सहयोग संगठन की आपातकालीन बैठक
फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास प्रमुख इस्माइल हानिया की हत्या पर चर्चा के लिए ईरान के अनुरोध पर बुधवार को सऊदी अरब में इस्लामिक सहयोग संगठन की आपातकालीन बैठक हो रही थी। तेहरान और हमास और हिजबुल्ला जैसे समूहों ने इजरायल पर 31 जुलाई को हानिया की हत्या का आरोप लगाया है। हानिया की मौत युद्ध के दौरान हमास के वरिष्ठ नेताओं की हत्याओं की श्रृंखला में से एक थी।
इजरायली अधिकारियों ने हानिया की मौत की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं, कार्यवाहक विदेश मंत्री अली बाघेरी कानि ने बुधवार को कहा कि तेहरान में हमास नेता हानिया की हत्या पर ईरान की प्रतिक्रिया सही समय और बड़े पैमाने पर होगी।
ईरान ने दुनिया भर की एयरलाइनों को दी चेतावनी
अल काहेरा न्यूज टीवी ने बुधवार को मिस्त्र के एक आधिकारिक सूत्र के हवाले से कहा कि ईरान ने दुनिया भर की एयरलाइनों को ईरानी हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने से बचने की सलाह दी है। सैन्य अभ्यास के कारण ईरानी हवाई क्षेत्र से बचना चाहिए।





