आईए जानें किस मामले में डीजी जेल संजय बेनीवाल ने दिल्ली उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से की मुलाकात…

तिहाड़ जेल परिसर के अंदर गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बाद डीजी जेल संजय बेनीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से मुलाकात की। एलजी हाउस के सूत्रों ने कहा कि इस दौरान बेनीवाल की ओर से जेल परिसर के अंदर गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बारे में एक डिटेल रिपोर्ट एलजी को सौंपी गई है।

इस सिलसिले में तिहाड़ जेल के अंदर गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया को उसके प्रतिद्वंद्वी गोगी गैंग के सदस्यों द्वारा सुए घोंपकर हत्या किए जाने का एक सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद शुक्रवार को असिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट सहित तिहाड़ जेल के नौ कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
वीभत्स हत्या के दूसरे सीसीटीवी फुटेज में दिखाया गया है कि साथी कैदियों ने रोहिणी कोर्ट शूटआउट के मुख्य आरोपी को वर्दीधारी पुलिस कर्मियों के सामने चाकू मारना जारी रखा, जो बिना कोई हस्तक्षेप किए दूर खड़े देखते रहे।
तिहाड़ जेल के अंदर सेंट्रल गैलरी की दीवार पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज 2 मई की सुबह करीब 6:15 बजे का है। पुलिस कर्मियों के पास खड़े तीन लोगों को फर्श पर लेटे टिल्लू ताजपुरिया को सुए और चाकू मारते हुए देखा जा सकता है। ये हथियार हमलावरों ने लॉकअप ग्रिल्स से बनाए थे।
इससे पहले गुरुवार को सीसीटीवी फुटेज का पहला सेट सामने आया था। यह फुटेज 2 मई को सुबह करीब 6:10 बजे का था। विजुअल्स में कोई पुलिस अधिकारी नहीं दिख रहा था। वहां कुछ कैदी देखे जा सकते थे, लेकिन हमलावरों को रोकने वाला कोई नहीं था। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट केस के आरोपी गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया को 2 मई को तिहाड़ जेल में प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्यों ने मार डाला था।
जेल अधिकारियों के मुताबिक, टिल्लू ताजपुरिया को तुरंत दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। प्रतिद्वंद्वी गोगी गैंग के सदस्य दीपक उर्फ तीतर, योगेश उर्फ टुंडा, राजेश और रियाज खान ने सुबह करीब सवा छह बजे वार्ड की पहली मंजिल पर लगी लोहे की ग्रिल को आरी से काटकर खोला था। जेल के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपी उसी वार्ड की पहली मंजिल पर बंद थे और उन्होंने ताजपुरिया पर हमला करने के लिए लोहे की रॉड का भी इस्तेमाल किया।
कुख्यात टिल्लू गैंग का मुखिया दिल्ली के ताजपुर गांव का रहने वाला सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया 2016 में कई अपराधों के लिए गिरफ्तार किया गया था और तब से जेल में था।





