मशहूर उद्योगपति के निधन पर सीएम भगवंत मान ने जताया शोक!

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा (86) के निधन पर दुख व्यक्त किया, जिन्होंने बुधवार देर शाम मुंबई में अंतिम सांस ली।

अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने देश में औद्योगिक विकास के नये युग की शुरुआत करने में रतन टाटा के अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने Tata Sons को ग्लोबल पॉवरहाउस बनाने के लिए रतन टाटा की सराहना की, जिससे देश में औद्योगिक विकास की रफ्तार भी तेज हो गई। भगवंत सिंह मान ने कहा कि रतन टाटा की कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और सादगी युवा पीढ़ी को अपनी पसंद के क्षेत्र में अपनी जगह बनाने के लिए हमेशा प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकप्रिय बिजनेस टाइकून की मृत्यु एक युग के अंत का प्रतीक है क्योंकि उनके निधन से जो शून्य पैदा हुआ है, उसे निकट भविष्य में भरने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत में औद्योगिक विकास को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यवसायी के दुर्भाग्यपूर्ण निधन से पूरा देश सदमे में है। भगवंत सिंह मान ने शोक संतप्त परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और भगवान से प्रार्थना की कि वह परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।

Back to top button