जम्मू-कश्मीर के इस होटल की भीषण आग में दो लोगों की हुई मौत और पांच अन्य घायल हो गए हैं..

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में गुरुवार सुबह एक होटल में भीषण आग लग गई। इस होटल की भीषण आग में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए हैं। गुरुवार को अधिकारियों ने बताया कि सनासर पर्यटन स्थल स्थित होटल मां शांति में तड़के ढाई बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायलों को बटोटे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत में घायलों का इलाज जारी है। जानकारी के लिए बता दें कि मरने वाले होटल के दो कर्मचारी हैं। मृतक की पहचान रमन शर्मा होटल मैनेजर के रूप में हुई है। रमन कुमार की उम्र 35 वर्ष है। यह सांबा के ही रहने वाले थे। दूसरे मृतक की पहचान सुरिंदर कुमार सुध के रुप में हुई है। ये चेनानी का रहने वाला था। इसकी उम्र 22 साल की थी।

घायलों का जारी है इलाज

घायलों की पहचान वरिंदर सिंह, अमित शर्मा, अनिल कुमार, किशोर कुमार और विक्की कुमार के रुप में हुई है। वरिंदर सिंह और अमित शर्मा को इलाज के लिए जीएमसी जम्मू में स्थानांतरित किया जाना है। इसके अलावा अनिल कुमार, किशोर कुमार को सीएचसी चेनानी में भर्ती कराया गया है। बता दें कि एक व्यक्ति को मामूली चोटे आईं थी, जो इलाज के बाद डिस्चार्ज हो गया है।

स्थानीय लोगों की मदद से पाया आग पर काबू

अधिकारियों ने बताया कि सनासर पर्यटन स्थल स्थित होटल मां शांति में आग लगी और तेजी से पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस के साथ दमकल की गाड़ियों को लगाया गया, जिस पर काबू पा लिया गया है। होटल जल कर राख हो गया है। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है।

दिए गए जांच के आदेश

सनासर स्थित होटल मां शांति में आग लगने की घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एडीसी रामबन हरबंस शर्मा, जेकेएएस इस जांच के मुख्य अधिकारी होंगे। उन्हीं के नेतृत्व में इस मामले की जांच की जाएगी।

एडीसी रामबन की अध्यक्षता में एक मजिस्ट्रियल जांच का आदेश दिया गया है। तहसीलदार बटोटे और एडी एफ एंड ई सर्विसेज, रामबन इस जांच में सहायता देंगे। आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Back to top button